प्रतिनिधि, बरहरवा। साहिबगंज जिला अंतर्गत कोटालपोखर थाना पुलिस ने मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार कांड संख्या 60/26 के नामजद आरोपी सत्यजीत साहा उर्फ फुचुआ, पिता सुधीर साहा को गिरफ्तार किया गया है. वहीं मामले के अन्य आरोपी नवजीत साहा उर्फ माना और उसका भाई निताई साहा फरार बताए जा रहे हैं.
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद
मामले को लेकर राजमहल थाना क्षेत्र के लखन राजवंशी ने कोटालपोखर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, व्यापार के नाम पर पांच लाख रुपये लेने तथा रुपये वापस मांगने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था. आरोप है कि रुपये मांगने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई.
तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
शिकायत के आधार पर कोटालपोखर थाना पुलिस ने नवजीत साहा उर्फ माना, सत्यजीत साहा एवं निताई साहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सत्यजीत साहा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
