व्यवस्था पर मंथन . सदर अस्पताल में हुई प्रबंधन की बैठक
साहिबगंज : पैसे के अभाव में न हो किसी मरीज की मौत. यह बातें राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत ओझा ने बुधवार को सदर अस्पताल के सभाकक्ष में आयोजित अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में कही. उन्होंने कहा कि अक्सर सुनने को मिलता रहता है कि रात्रि में डॉक्टर नहीं रहते हैं. इन सब कमियों को दूर करने की आवश्यकता है, ताकि मरीजों को अस्पताल में आशा के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके. वहीं डीसी उमेश प्रसाद सिंह ने कहा कि मरीजों की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी व अस्पताल द्वारा प्रदत्त सुविधाओं की जानकारी के लिए जिला सदर अस्पताल में कल से ही हेल्प डेक्स को चालू कराना सुनिश्चित करें ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
इसके अलावे विधायक व डीसी ने सीएस डॉ एपी मंडल से कहा क्षेत्र में बाढ़ का पानी फैला है. ऐसी स्थिति में सांप काटने पर लगाये जाने वाला सूई, ब्लीचिंग पाउडर, डायरिया की दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखें और बाढ़ का पानी घटने के बाद क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करना सुनिश्चित करें ताकि महामारी से बचा जा सके. सांसद प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कई ऐसे कर्मचारी ऐसे हैं जो कार्य नहीं करते हैं.
वैसे कर्मचारियों की सूची तैयार करें. बैठक में जब डीसी श्री सिंह ने डीएस डॉ सुरेश कुमार से पूछा कि अस्पताल में कितना एंबुलेंस है तो डीएस सही जवाब नहीं दे पाये. बैठक में विधायक अनंत ओझा, डीसी उमेश प्रसाद सिंह, सीएस डॉ एपी मंडल, सांसद प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, बोरियो विधायक प्रतिनिधि रंधीर सिंह, डॉ पीपी पांडेय, डॉ देवेश कुमार, डीएस डॉ सुरेश कुमार, वार्ड पर्षद जामुन दास, ललन सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे.
विधायक व डीसी ने किया अस्पताल का निरीक्षण
कहा : मरीजाें को उपलब्ध करायें सभी दवाएं
सेरेब्रल मलेरिया से दो की मौत के बाद विभाग व्यवस्था मजबूत करने में जुटा
सदर अस्पताल में प्रबंधन समिति की बैठक में मौजूद डीसी, विधायक व अन्य पदाधिकारी.
बैठक में छाया रहा सेरेब्रल मलेरिया से दो बच्ची की मौत का मामला
जिला सदर अस्पताल में हुई अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में राजमहल विधानसभ क्षेत्र के विधायक अनंत ओझा के द्वारा प्रभात खबर अखबार के पेज वन पर छपी खबर साहिबगंज में सेरेब्रल मलेरिया से दो बच्ची की मौत का मामला उठाया गया. बैठक में प्रभात खबर अखबार को मंगवा कर समिति द्वारा पूछा गया कि एंबुलेंस की व्यवस्था क्यों नहीं करायी गयी. इस मामले की जांच करायी जाये.
इन प्रस्तावों को किया गया पारित
सदर अस्पताल में खराब पड़े दो एंबुलेंस को ठीक कराया जाये, सदर अस्पताल में बेडशीट सफाई के लिए वाशिंग मशीन खरीदी जाये, सदर अस्पताल में कैदी वार्ड में ग्रिल लगाया जाये, कंप्यूटर ऑपरेटर को दैनिक मजदूरी पर रखा जाये, जेनरेटर चालक पिंटू का मानदेय तीन हजार से छह हजार किया जाये, ओटी रूम का छत मरम्मत कराया जाये, एमसीएच व सदर अस्पताल में शौचालय निर्माण के लिए नप व पीएचइडी को पत्र लिखा जाये, 15 पंखा डॉक्टर कक्ष में एसी व स्लाइडिंग खिड़की व वृक्ष का घेराव के लिए ग्रिल बनाने का कार्य पंजाब नेशनल बैंक को दिया जाये.
