बरहरवा : हावड़ा मंडल के डीआरएम तनु चंद्रा ने शुक्रवार को बरहरवा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई अभियान पर विशेष फोकस किया. स्टेशन परिसर के प्लेटफॉर्म संख्या 01, 02, 03 व 04 पर नियमित साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश स्टेशन प्रबंधक वाइपी सिंह को दिया. डीआरएम ने बताया कि स्टेशन परिसर में सफाई को लेकर किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जायेगा. अगर कहीं गंदगी का अंबार लगा रहता है
तो इसकी शिकायत करें. दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई की जायेगी. साथ ही उन्होंने रेल यात्रियों से भी आग्रह किया कि वे लोग कूड़ा रेलवे स्टेशन पर लगे कूड़ेदान में ही फेंके. डीआरएम के साथ आये स्काउट एंड गाइड के छोटे-छोटे बच्चों की टोली ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत रेल यात्रियों को स्वच्छता के प्रति नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया. मौके पर आरपीएफ इंस्पेक्टर जेके सिन्हा, जीआरपी थाना प्रभारी ऐनुल अली सहित अन्य मौजूद थे.
