स्ट्रीट वेंडर्स को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
राजमहल
नगर पंचायत राजमहल द्वारा संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत “स्वनिधि से समृद्धि” घटक के तहत 27 एवं 28 मार्च को दो दिवसीय वार्षिक शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में स्ट्रीट वेंडर्स को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया. शिविर में नए ऋण आवेदन लिए गए. लंबित आवेदनों का पुनः सबमिशन कराया गया तथा पात्र वेंडर्स के बीच ऋण का वितरण भी किया गया. इसके अलावा क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन, वेंडर प्रोफाइलिंग, विभिन्न योजनाओं से जोड़ने (स्कीम लिंकेज) एवं डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने से संबंधित कार्य भी किए गए. सिटी मिशन मैनेजर प्रदीप चन्द्र बोबोंगा ने बताया कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा इस योजना की अवधि अब 31 मार्च 2030 तक बढ़ायी गयी है. संशोधित प्रावधान के अनुसार वेंडर्स को पहली किस्त में 15 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 25 हजार और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के लिए लाभुकों को सालाना 1600 रुपये तक कैशबैक तथा यूपीआई लिंक्ड रूपे कार्ड की सुविधा दी जा रही है. वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 50 प्रथम, 20 द्वितीय एवं 20 तृतीय किस्त के ऋण वितरित किए जा चुके हैं. वहीं कुल मिलाकर 439 प्रथम, 165 द्वितीय एवं 49 तृतीय किस्त के ऋण का वितरण किया जा चुका है. लगभग 70 प्रतिशत लाभुकों की प्रोफाइलिंग तथा 20 प्रतिशत का विभिन्न योजनाओं से लिंकेज भी पूरा कर लिया गया है. शिविर में लाभुकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं जननी सुरक्षा योजना से जुड़ने की भी विस्तृत जानकारी दी गयी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.