शहीद सिदो-कान्हू की जयंती मनी, जुटे पक्ष-विपक्ष के नेता
बरहेट : सिदो-कान्हू की 164वीं जयंती भोगनाडीह में बुधवार को धूमधाम से मनायी गयी. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण मंत्री लोइस मरांडी ने भाग लिया. वे सीधे पचकठिया स्थित क्रांतिस्थल पहुंचीं, वहां क्रांति स्थल पर पुष्प अर्पित कर नमन किया. इसके बाद भोगनाडीह में शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके वंशजों को वस्त्र देकर सम्मानित किया.
इसके बाद मंत्री लोइस मरांडी ने सिदो-कान्हू स्टेडियम स्थित विकास मेले का उद्घाटन किया. इस माैके पर उन्होंने कहा कि जिन गांवों में 50 प्रतिशत की आबादी आदिवासियों की है, वैसे गांवों में आदिवासी ग्राम विकास समिति एवं जिस गांव में 50 प्रतिशत से कम आदिवासी है, वैसे गांव में ग्राम विकास समिति का गठन होगा. इन्हीं समितियों के माध्यम से पूरे गांव का संपूर्ण विकास किया जायेगा. समिति के माध्यम से गांव में जाहेरथान, कला संस्कृति भवन जैसे ग्रामीणों के लिए उपयोगी विकास कार्य किये जायेंगे.
बरहेट के विधायक विधानसभा में नहीं उठाते यहां की आवाज : मंत्री ने कहा कि बरहेट विधानसभा क्षेत्र की समस्या को लेकर यहां से चुने गये विधायक विधानसभा में किसी प्रकार की आवाज नहीं उठाते हैं. इसके कारण सरकार यहां की समस्या से अनभिज्ञ है. बरहेट में बिजली व पानी की समस्या की जानकारी उन्हें आज मिली है. इस समस्या का निदान करने के लिए वे शीघ्र पहल करेंगी. मौके पर पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हेमलाल मुर्मू, साहिबगंज डीसी संदीप कुमार सिंह, एसपी धनंजय सिंह व अन्य मौजूद थे.
