जयपुरी व सिफॉन की साड़ी की ज्यादा डिमांड
साहिबगंज : रंगों का त्योहार होली को लेकर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह है. हरेक तबके के लोग होली को यादगार बनाने के लिए तैयारी में लगे हैं. होली दो मार्च को मनायी जायेगी. इसको लेकर लोग कपड़ों की खरीदारी में जुटे हैं. होली को लेकर बाजार में चहल पहल बढ़ गयी है. खरीदारों को लुभाने के लिए प्रतिष्ठानों व दुकानों में सूट, टॉप्स व साड़ी के नये-नये कलेक्शन के स्टॉक में मंगवाये गये हैं.
इस वर्ष बाजार में सीरियल टेस्ट लेटेस्ट इन गाउन, शोल्डर टॉप्स, क्राफ्ट टॉप्स केे अलावा साड़ी के आइटम में प्योर क्रेप, दुल्हन ब्रांड की साड़ी, डुपियन सिल्क, प्योर शिफॉन, प्योर जॉरजेट की साड़ियां महिलाओं को खूब भा रही है. शहर के चौक बाजार, कॉलेज रोड, जिरवाबाड़ी क्षेत्र के प्रमुख दुकानों में खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं. बहुरानी, राधारानी, बांके बिहारी, बिग जॉन सहित कई दुकानों व रेडीमेड दुकानों में लोग खरीदारी कर रहे हैं.
बनारसी व सिल्क साड़ियों की खरीदारी बढ़ी : होली पर्व को लेकर शहर के चौक बाजार स्थित बहुरानी प्रतिष्ठान में सिल्क साड़ियों के नये कलेक्शन की भरमार है. इस संबंध में प्रतिष्ठान संचालक ए. खुडानिया ने बताया कि सिल्क आइटम में कांजीवरम, तसर सिल्क, डुपियन सिल्क, प्योर सिफॉन, प्योर क्रेप, प्योर जॉरजेट के आइटम 2000 से शुरू होकर 6000 रुपये तक है. जबकि कॉटन के आइटम में सिल्क कॉटन, सुपर नेट साड़ियों की कीमत 500 से 2000 हजार रुपये के बीच रखी गयी है. महिलाओं की पसंद वाली दुल्हन साड़ियां, बनारसी साड़ियां, जयपुरी सिल्क व सिफॉन की साड़ियां खूब पसंद की जा रही है. युवतियों में पटियाला, फंकी गाउन, बार्बी डॉल, क्राफ्ट टॉप्स व शोल्डर टॉप्स की जम कर खरीदारी हो रही है. प्रतिष्ठान में मुंबई कैजू, इबा लेटेस्ट व लहंगा युवतियों को खूब आकर्षित कर रही है.
युवतियों को भा रही है मस्तानी व पटियाला सूट : कॉलेज रोड के लेडीज वेयर के प्रोपराइटर विक्रम कुमार ने बताया कि उनके दुकान में मस्तानी, प्लॉजो, पटियाला शूट, महारानी, सीरियल टेस्ट वाली लेटेस्ट गाउन के अलावा तुलसीयाड, लक्ष्मीपति, महोत्सव, कांजीवरम की साड़ियों के अलावा छोटी बच्चियों मेें कैप टॉप्स, वेस्टर्न वेयर, स्कर्ट और गाउन भी खूब आकर्षित कर रही है. वहीं बच्चों को कोर्ट, पेंट, कॉटन का कुरता, पजामा, इंडो वेस्टर्न और शेरवानी वाले ब्रांडेड आइटम पसंद आ रहा है.
