सख्ती. डीएसआर की बैठक में सर्वे करने का लिया निर्णय
सर्वे के लिए टीम का किया गठन
सर्वे कर रिपोर्ट सरकार को भेजी जायेगी
साहिबगंज : अवैध माइनिंग पर रोक लगाने हेतु जिले में सर्वे होगा. यह बातें डीसी डॉ शैलेश कुमार चौरसिया ने मंगलवार को डीएसआर की बैठक में कही. उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे अवैध माइनिंग पर रोक लगाने पर जिले में सर्वे कराया जायेगा. इसके तहत 2017 ऑक्शन पॉलिसी में पांच हेक्टेयर से ऊपर के माइंस का ऑक्शन कराने को लेकर जियोलॉजिकल सर्वे कराया जायेगा. जिले में उपलब्ध खनन क्षेत्र जिसमें बालू घाट और चिप्स खदान कितने क्षेत्र में फैला हे जिसमें खदान हो रहे या किसी कारण से खनन कार्य बंद है या खनन के लिए नया आवेदन किया गया है. सभी को समाहित कर कुल क्षेत्र का आकलन कर एक डिटेल रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपी जायेगी.
अब जिले में माइनिंग के दृष्टिकोण से दो भाग होगा एक क्षेत्रों में माइनिंग क्षेत्र और दूसरा नो माइनिंग क्षेत्र ताकि पूर्व में ही माइनिंग एरिया को चिह्नित किया जा सके. एक टीम का गठन किया गया. जिसमें जिला खनन पदाधिकारी, जिला वन विभाग के उप निदेशक खान भूतत्व विभाग दुमका, भू वैज्ञानिक डॉ रंजीत कुमार सिंह, जल संसाधन विकास पर्यावरण मंत्रालय के सदस्य रहेंगे. जिसमें सर्वे में इ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत मानव सर्वे भी किया जायेगा. इस मौके पर एसपी धनंजय कुमार सिंह, एसी अनमोल कुमार सिंह, डीएफओ मनीष तिवारी, खनन पदाधिकारी केके किस्कू, जियोलॉजिस्ट डॉ रंजीत सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित थे.
अब अवैध खनन पर टीम कसेगी नकेल: डीसी
समाहरणालय स्थित डीसी कक्ष में मंगलवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता डीसी डॉ शैलेश कुमार चौरसिया ने की. उन्होंने जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने का निर्देश दिया. कहा कि अवैध तरीके से खनन करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा इससे न सिर्फ सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है बल्कि पर्यावरण को भी खतरा है. उन्होंने पत्थर के अवैध व्यापार पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले में पत्थर का अवैध उत्खनन एवं व्यापार किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. बैठक में जिले में अवैध खनन एवं पत्थर व्यापार पर रोक लगाने के लिये प्रखंड स्तरीय टीम का भी गठन किया गया. यह टीम प्रखंड स्तर पर संचालित अवैध खनन कार्य की रिपोर्ट तैयार करेंगे और उक्त रिपोर्ट के आधार पर कानून संगत कार्रवाई की जायेगी. मौके पर एसपी धनंजय कुमार सिंह, डीएफओ मनीष तिवारी, एसी अनमोल सिंह, एसडीओ अमित प्रकाश, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, सदर डीएसपी ललन प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
