बरहरवा : मालदा रेल मंडल अंतर्गत बरहरवा रेलवे जंक्शन में मंगलवार को इस्टर्न रेलवे कोलकाता के सीसीएफएम सीनियर पदाधिकारी एस विश्वास व इस्टर्न रेलवे कोलकाता के चीफ इंजीनियर एसके श्रीवास्तव बरहरवा रेलवे स्टेशन में स्वच्छता की जांच की. इस दौरान जांच पदाधिकारियों ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के शौचालय में स्वच्छता जांच में अनियमितता पाये जाने पर संवेदक को जमकर फटकार लगायी.
उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर शौचालय में स्वच्छता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बरदाश्त नहीं की जायेगी. दो दिन के अंदर शौचालय को साफ-सुथरा कर उपयोग के लायक बनावे अन्यथा टेंडर रद्द कर दी जायेगी. इसके अलावे रेलवे स्टेशन प्रबंधक वाइपी सिंह को प्लेटफॉर्म में काफी गंदगी व रेलवे पटरी में मल-मूत्र रहने के कारण जमकर फटकार लगायी.
उन्होंने कहा कि पूरे स्टेशन परिसर में स्वच्छता का ख्याल रखा जाये ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो. स्वच्छता में किसी प्रकार की कोताही बरदाश्त नहीं की जायेगी. इसके अलावे टीम ने विभिन्न कार्यालय व क्वार्टर क्षेत्र में जाकर जांच की. मौके पर आरपीएफ इंस्पेक्टर जीतेंद्र कुमार सिन्हा, जीआरपी थाना प्रभारी अर्जुन तिवारी के अलावे अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
