पांच दिनों में छह डिग्री सेल्सियस गिरा पारा, पछिया हवा से बढ़ी ठंड
साहिबगंज : जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में शीतलहर के साथ कोहरे का कहर जारी है. पिछले पांच दिनों में छह डिग्री सेल्सियस तापमान गिर जाने के कारण ठंड के तेवर चढ़ गये हैं. वहीं तेज पछिया हवा ने भी परेशानी बढ़ा दी है. मंगलवार को अहले सुबह से कुहासे के कारण लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे. सुबह 10 बजे के बाद ही कोहरा पूरी तरह छट पाया था. इस दौरान स्कूल जानेवाले बच्चों व दिहाड़ी मजदूराें को काफी परेशानी हुई. एनएच 80 पर वाहनों की रफ्तार थम गयी थी. मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है. जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच था. दोपहर बाद धूप के दर्श के बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं. ठंड के कारण शाम छह बजे ही बाजार में सन्नाटा पसर गया. इसके अलावा सुबह की सैर करने आनेवाले लोगों की संख्या में भी धीरे-धीरे कम होने लगी है. ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या बदलने लगी है.
धूप में लग रही बच्चों की क्लास
ठंड को देखते हुए कई सरकारी स्कूलों में शिक्षक बच्चों को धूप में आधा धंटा रख कर पढ़ाई करा रहे हैं. ठंड के कारण बच्चे मध्याह्न भाेजन भी धूप के आनंद लेकर करते नजर आये. शहर के प्राइमरी बालक विद्यालय की छात्राओं ने बताया कि ठंड के कारण टीचर स्कूल ग्राउंड में ही क्लास लेते हैं. बच्चों ने बताया कि सुबह में ठंड के कारण काफी परेशानी होती है. ठंड के कारण स्कूलों व कॉलेज में बच्चों की उपस्थिति भी प्रभावित होने लगी है.
तापमान पर एक नजर
तिथि अधिकतम न्यूनतम
15 दिसंबर 26 16
16 दिसंबर 25 15
17 दिसंबर 23 15
18 दिसंबर 22 14
19 दिसंबर 20 13
छोटे बच्चों को सुरक्षित रखें
चिकित्सा प्रभारी डॉ भारती पुष्पम ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चों को ठंड से बचाना चाहिए. इस तरह के मौसम में सर्दी व खासी होने की संभावना बढ़ जाती है. इसमें बच्चे व बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित होते हैं. क्योंकि इस समय छोटे बच्चों को निमोनिया का खतरा रहता है. बच्चों को जहां तक हो सके ठंड से बचायें. उन्हें दोपहर के समय धूप में एक-दो घंटे तक रखें. इससे शरीर में विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा मिलती है.
