रातू: चटकपुर में निर्माणाधीन मकान की छत से सोमवार को एक 18 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बुढ़मू के उमेडंडा निवासी स्व. अनिल महतो के पुत्र अंकित कुमार महतो (18) के रूप में हुई है. वह पंडरा निवासी रोशन तिर्की के मकान में किराये पर रहता था.
पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया युवक की मौत 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से होने की आशंका है. चटकपुर में अनिरुद्ध विश्वकर्मा के निर्माणाधीन मकान की छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का बिजली तार गुजर रहा है. सोमवार को पुलिस ने इसी मकान की छत से अंकित का शव बरामद किया.
दोनों हाथ जले, चेहरे पर भी मिला निशान
शव के दोनों हाथ जले हुए थे, जबकि चेहरे पर फोड़े का निशान पाया गया. सूचना मिलने के बाद रातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
मृतक की मां के बयान पर रातू थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होने की उम्मीद है.
सात अप्रैल को भी हो चुकी है ऐसी घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी निर्माणाधीन मकान की छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से इससे पहले सात अप्रैल 2026 की रात एक किशोर की मौत हो चुकी है. उस घटना में नवांसोसो निवासी रामकुमार यादव के 17 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार की जान गयी थी.
एक ही स्थान पर कुछ महीनों के अंतराल में दूसरी घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है. लोगों ने निर्माणाधीन मकान के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
