अधिकारियों ने केंद्रीय विद्यालय खोलने की तैयारी का किया निरीक्षण

डकरा में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर सीसीएल की ओर से किये जा रहे काम की जानकारी लेने बुधवार को सीसीएल मुख्यालय से महाप्रबंधक कल्याण रेखा पांडेय, महाप्रबंधक असैनिक राकेश मोहन अपनी टीम के साथ डकरा पहुंचे.

प्रतिनिधि, डकरा

डकरा में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर सीसीएल की ओर से किये जा रहे काम की जानकारी लेने बुधवार को सीसीएल मुख्यालय से महाप्रबंधक कल्याण रेखा पांडेय, महाप्रबंधक असैनिक राकेश मोहन अपनी टीम के साथ डकरा पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने यहां हो रहे काम का जायजा लिया. पूरे परिसर का निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने यहां काम करा रहे संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह एक सप्ताह के भीतर काम पूरा कर दें ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके. अधिकारियों ने बताया कि काम पूरा होते ही केंद्रीय विद्यालय संगठन के उपायुक्त सीसीएल मुख्यालय के अधिकारियों के साथ एक बार फिर विद्यालय भवन का निरीक्षण करेंगे. इस औपचारिकता के बाद यहां शिक्षकों की पोस्टिंग व बच्चों का नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. बताते चलें कि फिलहाल कक्षा एक से पांच तक विद्यालय शुरू करने का निर्णय लिया गया है. इस आलोक में पुराने भवन में दस कमरों को ठीक कराया जा रहा है. शिक्षकों को रहने की व्यवस्था पर भी बातचीत चल रही है. पहले से जो टीचर काॅलोनी थी उस पर गैर शिक्षकों का कब्जा है. इस मामले में प्रबंधकीय स्तर पर चर्चा हो रही है. इस अवसर पर एनके एरिया असैनिक विभाग प्रमुख सुमन कुमार, सीएसआर प्रमुख निखिल अखौरी, उज्ज्वल सिंह, आशीष कच्छप आदि मौजूद थे.

नया सत्र शुरू होने में हो सकता है विलंब

डकरा में खुलने वाले केंद्रीय विद्यालय को लेकर अपुष्ट जानकारी दी जा रही है कि एक अप्रैल से नया सत्र शुरू हो जायेगा. बड़ी संख्या में अभिभावक इंतजार कर रहे हैं, लेकिन केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से बताया जा रहा है कि नये विद्यालय का सत्र में विलंब से भी शुरू होता है. ज्ञात हो कि शिक्षकों की पोस्टिंग, उनके रहने की व्यवस्था, बच्चों का नामांकन, विद्यालय के लिए खरीदे जाने वाले फर्नीचर, बेंच-डेस्क आदि सभी अधर में लटका हुआ है. इसलिए नये सत्र समय पर शुरू होने को लेकर अभी कई पेंच फंसे हुए हैं. कयास लगाया जा रहा है कि केंद्रीय विद्यालय शुरू होने में अभी और इंतजार करना पड़ सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >