प्रेमी के लिए पत्नी ने ही दी थी पति की सुपारी, गिरफ्तार

अज्ञात शव की गुत्थी सुलझी

प्रतिनिधि, अनगड़ा.

थाना क्षेत्र के हेसल स्थित रिंग रोड के सर्विस रोड पर 10 फरवरी की रात मिले 35 वर्षीय अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. मृतक की पहचान कांके थाना क्षेत्र के ग्राम हुसीर निवासी विजय लोहरा के रूप में हुई है. इस हत्याकांड की सूत्रधार कोई और नहीं, बल्कि मृतक की 29 वर्षीय पत्नी नीतू देवी ही निकली. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं उसके द्वारा चिह्नित लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है. जांच में यह बात सामने आयी है कि नीतू का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. पति विजय लोहरा को जब इसकी भनक लगी तो वह इस रिश्ते का विरोध करने लगा. अपने रास्ते का कांटा बनते देख नीतू ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी हत्या की सुपारी दे दी. थाना प्रभारी गौतम रजवार के अनुसार 10 फरवरी की दोपहर में ही कुछ अज्ञात लोग एक कार में आये और विजय लोहरा को अपने साथ उठाकर ले गये. इसके बाद उसकी हत्या कर दी और रात करीब आठ बजे शव को अनगड़ा थाना क्षेत्र के हेसल रिंग रोड के सर्विस रोड पर फेंक कर फरार हो गये. पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे आरोपी पत्नी नीतू देवी टूट गयी और उसने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस सुपारी किलर्स, अपहरण में इस्तेमाल की गयी कार और नीतू देवी के प्रेमी की तलाश कर रही है.

अज्ञात शव की गुत्थी सुलझी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >