रांचीः कोल इंडिया लिमिटेड ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कोल मैनेजमेंट (IICM), रांची के कार्यकारी निदेशक (ED) पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है. कंपनी ने इस संबंध में विज्ञापन जारी किया है. नियुक्ति फिक्स्ड टेन्योर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होगी. इस पद के लिए एक वैकेंसी निकाली गई है और इसका ग्रेड E-9 निर्धारित है.
62 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन
इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष निर्धारित की गई है. नियुक्ति प्रारंभिक रूप से दो साल के लिए होगी. कंपनी के हित में कोल इंडिया के चेयरमैन के विवेक के आधार पर कार्यकाल को अगले दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है. कार्यकारी निदेशक IICM के प्रमुख होंगे. उन्हें संस्थान की योजना, प्रशासन और प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी संभालनी होगी.
प्रशिक्षण से लेकर पाठ्यक्रम अपडेट तक की जिम्मेदारी
कार्यकारी निदेशक के जिम्मे प्रशिक्षण, गुणवत्ता मूल्यांकन, कौशल प्रमाणन और प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने जैसे कार्य होंगे. इसके अलावा विभिन्न परियोजनाओं के समन्वय, पाठ्यक्रम के अद्यतन तथा मानव संसाधन से जुड़े कार्यों की भी जिम्मेदारी होगी.
इंजीनियरिंग, MBA और प्रबंधन में स्नातकोत्तर को मौका
इस पद के लिए इंजीनियरिंग में डिग्री, MSW, MBA अथवा समकक्ष योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा CA या प्रबंधन, HRM, व्यवहार विज्ञान अथवा वित्त एवं लेखा में स्नातकोत्तर डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र होंगे. प्रबंधन, HRM, व्यवहार विज्ञान, वित्त एवं लेखा या इंजीनियरिंग में डॉक्टरेट की डिग्री को अतिरिक्त योग्यता माना जाएगा.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Weather: झारखंड में 21 अगस्त तक बारिश का दौर, 17-18 को भारी बारिश का अलर्ट
25 वर्ष का कार्यकारी अनुभव जरूरी
उम्मीदवार के पास कार्यकारी कैडर या अधिकारी ग्रेड में कम से कम 25 वर्ष का अनुभव होना चाहिए. विज्ञापन में प्रबंधन संस्थान, प्रशिक्षण संस्थान, सरकारी संस्थान, PSU और कॉरपोरेट HRD/Training & Development क्षेत्र के अनुभव के लिए अलग-अलग पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं.
17 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे शुरू होगी. इच्छुक उम्मीदवार 16 सितंबर 2026 की रात 11.59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन केवल कोल इंडिया की वेबसाइट के Career with CIL के Job of Coal India सेक्शन के माध्यम से किया जा सकेगा.
15 उम्मीदवारों को किया जाएगा शॉर्टलिस्ट
चयन प्रक्रिया के तहत अधिकतम 15 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. शॉर्टलिस्टिंग में शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, प्रस्तावित पद से संबंधित अनुभव और IICM व कोल इंडिया को लेकर उम्मीदवार के विजन पर आधारित दो पेज के लेख को आधार बनाया जाएगा. इसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार के प्रदर्शन के आधार पर मेरिट पैनल तैयार किया जाएगा.
1994 में रांची में हुई थी IICM की स्थापना
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कोल मैनेजमेंट (IICM) की स्थापना वर्ष 1994 में रांची में हुई थी. यह कोल इंडिया द्वारा प्रायोजित और वित्तपोषित स्वायत्त संस्थान है. संस्थान कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के अधिकारियों के लिए विभिन्न विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है.
ये भी पढ़ें- पलामू संसदीय क्षेत्र को रेलवे की सौगात: शेरघाटी-कजरी नई रेल लाइन को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, ₹2,627 करोड़ होंगे खर्च
