रांची विवि में बड़े बदलाव: लाइफ साइंस की सीटें बॉटनी-जूलॉजी में बंटेंगी, दो विभागों को मिले नए अध्यक्ष, कई परीक्षाओं की तिथियां घोषित

रांची विश्वविद्यालय में लाइफ साइंस विषय का बंटवारा, नए विभागाध्यक्षों की नियुक्ति और आरडी कोर्स की कक्षाओं को लेकर जारी ताजा अपडेट यहां विस्तार से पढ़ें।

संजीव सिंह की रिपोर्ट

रांची विवि में इस सत्र लाइफ साइंस की पढ़ाई नहीं, सीटें बॉटनी-जूलॉजी में बंटेंगी

रांची. रांची विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर इस सत्र में लाइफ साइंस विषय की पढ़ाई सीधे तौर पर नहीं होगी. राज्य सरकार ने बॉटनी और जूलॉजी की जगह लाइफ साइंस विषय को मंजूरी दी है. इसके बावजूद इस सत्र में लाइफ साइंस के लिए स्वीकृत सीटों को बॉटनी और जूलॉजी में बांटकर नामांकन लिया जायेगा.

जिन कॉलेजों में सरकार ने लाइफ साइंस के लिए सीटें निर्धारित की हैं, वहां कुल सीटों में आधी सीट बॉटनी और आधी जूलॉजी की होंगी. विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार दोनों में से किसी एक विषय का चयन कर सकेंगे.

रांची विश्वविद्यालय में अगले सत्र से लाइफ साइंस विषय के नाम से ही नामांकन लिया जायेगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को जानकारी दे दी है. जल्द ही इसकी जानकारी उच्च शिक्षा निदेशालय को भी भेजी जायेगी.

इतिहास व मानवशास्त्र विभाग को नये मिले अध्यक्ष

रांची. रांची विश्वविद्यालय के पीजी इतिहास विभाग का नया अध्यक्ष डॉ मो. शहाबुद्दीन को बनाया गया है. इससे पहले वह मारवाड़ी कॉलेज के इतिहास विभाग में कार्यरत थे. स्थानांतरण के बाद उन्हें पीजी इतिहास विभाग की जिम्मेदारी दी गयी है.

डॉ शहाबुद्दीन सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय से स्थानांतरित होकर रांची आये हैं. वह उच्च शिक्षा निदेशालय में उपनिदेशक के पद पर भी रह चुके हैं. डॉ पीके झा के सेवानिवृत्त होने के बाद इतिहास विभागाध्यक्ष का पद खाली था.

वहीं, पीजी मानवशास्त्र विभाग की नयी अध्यक्ष डॉ जेसी मिंज को बनाया गया है. डॉ दिनेश उरांव का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. वह आरडी कोर्स की को-ऑर्डिनेटर भी रह चुकी हैं.

पीजी भूगर्भशास्त्र विभाग में वरीयता तय नहीं होने के कारण अब तक नये विभागाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो सकी है.

आरडी कोर्स की क्लास अब पीजी मानवशास्त्र विभाग में

पीजी समाजशास्त्र में कमरों की कमी के कारण बदला फैसला, डॉ विनोद नारायण निदेशक और डॉ दीपाली डुंगडुंग रहेंगी को-ऑर्डिनेटर

रांची. रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने रूरल डेवलपमेंट (आरडी) कोर्स की कक्षाओं के संचालन स्थल को लेकर फिर फैसला बदला है. अब आरडी कोर्स की कक्षाएं पीजी समाजशास्त्र की जगह पीजी मानवशास्त्र विभाग में चलेंगी.

कोर्स के निदेशक पीजी समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ विनोद नारायण ही रहेंगे, जबकि डॉ दीपाली डुंगडुंग को-ऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी संभालेंगी.

पीजी समाजशास्त्र विभाग में कमरों की कमी को देखते हुए कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने आरडी कोर्स की कक्षाएं पीजी मानवशास्त्र विभाग के दो कमरों में चलाने का आदेश दिया है. इस कोर्स में 16 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है. कक्षाएं शुरू नहीं होने के कारण विद्यार्थी, फैकल्टी और कर्मचारी परेशान थे.

दो सितंबर से शुरू होंगी कक्षाएं

कुलपति के निर्देश के बाद दो सितंबर से आरडी कोर्स की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया है. इससे पहले वोकेशनल कोर्स से जुड़े शिक्षक और आरडी कोर्स के फैकल्टी व कर्मचारी कुलपति से मिले और कक्षाएं शुरू नहीं होने की जानकारी दी.

इसके बाद कुलपति ने पीजी समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ विनोद नारायण और विवि सीवीएस की प्रभारी निदेशक डॉ स्मृति सिंह को तत्काल कक्षाएं शुरू कराने का निर्देश दिया. प्रभारी निदेशक ने पीजी मानवशास्त्र विभाग में कक्षा संचालन से संबंधित पत्र जारी कर दिया.

कुलपति से मिलने वालों में डॉ अटल पांडेय, अवधेश ठाकुर, शिरीन गुल, रामपुकार और अभिषेक बनर्जी समेत अन्य शामिल थे. आरडी कोर्स की कक्षाएं पहले भी पीजी मानवशास्त्र विभाग में ही संचालित होती थीं.

एमएड सेमेस्टर-1 परीक्षा फॉर्म 3 सितंबर से

रांची. रांची विश्वविद्यालय ने एमएड सेमेस्टर-1, सत्र 2025-27 की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की तारीख जारी कर दी है. बिना विलंब शुल्क के विद्यार्थी 3 से 7 सितंबर 2026 तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे.

वहीं, 400 रुपये विलंब शुल्क के साथ 8 और 9 सितंबर 2026 को फॉर्म भरा जा सकेगा. परीक्षा फॉर्म के साथ परीक्षा शुल्क 1000 रुपये, लोकल लेवी 1000 रुपये, मार्क्सशीट शुल्क 100 रुपये और प्रोसेसिंग शुल्क 100 रुपये देना होगा.

MBBS, MBA और LLM की परीक्षा तिथियां जारी

रांची. रांची विश्वविद्यालय ने विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षा तिथियां भी जारी कर दी हैं. प्रथम प्रोफेशनल MBBS, सत्र 2025-30 की वार्षिक परीक्षा 11 से 26 सितंबर 2026 तक होगी. रिम्स के विद्यार्थियों के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (ILS) में परीक्षा केंद्र बनाया गया है. परीक्षा दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक होगी.

वहीं, एग्जीक्यूटिव MBA सेमेस्टर-2, सत्र 2024-26 की परीक्षा 11 से 15 सितंबर 2026 तक होगी. इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (IMS) के विद्यार्थियों के लिए पीजी गणित विभाग में परीक्षा केंद्र बनाया गया है.

LLM सेमेस्टर-1, सत्र 2025-27 की परीक्षा 18 से 24 सितंबर 2026 तक होगी. ILS और छोटानागपुर लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए पीजी जंतुविज्ञान विभाग में परीक्षा केंद्र बनाया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >