30 अगस्त को होगा आदिवासी एकता का महाजुटान, मांडर में बंधु तिर्की ने भरी हुंकार; बोले- समय रहते एकजुट होना जरूरी

मांडर में आयोजित बैठक में बंधु तिर्की ने 30 अगस्त को होने वाली आदिवासी एकता महाजुटान रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की है।

रांची: 30 अगस्त को प्रस्तावित आदिवासी एकता महाजुटान रैली को सफल बनाने की तैयारियों को लेकर रविवार को मांडर प्रखंड मुख्यालय में कांग्रेस के पंचायत अध्यक्षों, प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों और आदिवासी समाज के प्रमुख लोगों की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने की.

बैठक में 30 अगस्त को होने वाली आदिवासी एकता महाजुटान रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गयी. बंधु तिर्की ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आदिवासी समाज के लोगों से रैली को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटने का आह्वान किया.

सामूहिक प्रयास की जरूरत

बंधु तिर्की ने कहा कि आदिवासी समाज के हितों और अधिकारों को लेकर सभी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि समय रहते सामूहिक प्रयास नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में समाज को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है.

उन्होंने पंचायत और प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क करने और महाजुटान रैली के उद्देश्य की जानकारी देने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसके अधिकारों और हितों की रक्षा का मजबूत आधार है.

पंचायत स्तर पर तैयारी पर जोर

बैठक में पंचायत अध्यक्षों और प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर रैली की तैयारी करने की जिम्मेदारी दी गयी. वहीं आदिवासी समाज के प्रमुख लोगों से भी अधिक से अधिक लोगों को रैली से जोड़ने का आह्वान किया गया.

बैठक के दौरान रैली में लोगों की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर तैयारियों को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया. नेताओं ने कहा कि 30 अगस्त का महाजुटान आदिवासी समाज की एकजुटता को मजबूती देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा. बैठक में मंगा उरांव, रामविलास उरांव समेत कांग्रेस के पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी और आदिवासी समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >