रांची: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने ट्रायल बेसिस पर मंजूरी दे दी है. ट्रेन संख्या 18189/18190 के ठहराव की स्वीकृति भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा के लगातार प्रयासों के बाद मिली है.
डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने अप्रैल 2025 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी. उन्होंने बताया था कि जामदा, किरीबुरु, गुवा और बड़बिल जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों के लिए मनोहरपुर स्टेशन काफी अहम है. यहां ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी.
रेल मंत्रालय की ओर से ऑपरेशनल फिजिबिलिटी की जांच कराये जाने के बाद 27 अगस्त 2026 को ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दी गयी. ठहराव ट्रायल बेसिस पर होगा.
यात्रियों, श्रमिकों और विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
मंजूरी मिलने के बाद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस फैसले से क्षेत्र के यात्रियों, श्रमिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. मनोहरपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी.
रेलवे बोर्ड के फैसले का स्थानीय लोगों ने भी स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और दूसरे शहरों तक आवागमन आसान होगा.
यह भी पढ़ें: रांची के पारा शिक्षकों के लिए बड़ी राहत! 3 साल की 4% मानदेय बढ़ोतरी मंजूर, अब मिलेगा बकाया एरियर
