रांची : संत अन्ना की पुत्रियों के धर्मसंघ की 13वीं साधारण महासभा के दौरान सिस्टर लिंडा मैरी वॉन, डीएसए को धर्मसंघ का नया सुपीरियर जनरल चुना गया. उनके साथ महासलाहकारिणी के लिए चार सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ. इनमें सिस्टर निर्मला ज्योति कच्छप, सिस्टर जसिंता केरकेट्टा, सिस्टर मेरी कुसुम तिर्की और सिस्टर अनिमा डांग शामिल हैं.
लोवाडीह स्थित संत अन्ना जनरलेट में छह से 11 सितंबर तक महासभा का आयोजन किया जा रहा है. इसमें देश-विदेश से 59 सदस्य हिस्सा ले रहे हैं. महासभा का मार्गदर्शन एक्सआइएसएस के निदेशक फादर जोसेफ मारियानुस कुजूर कर रहे हैं.
पवित्र मिस्सा से हुई महासभा की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत रांची महाधर्मप्रांत के नवनियुक्त सहायक बिशप आनंद डेविड खलखो की अध्यक्षता में पवित्र मिस्सा से हुई. इस दौरान धर्मसंघ के लिए विशेष प्रार्थना की गयी.
महासभा में विश्वास प्रशिक्षण, शिक्षा और धर्मसंघी सहित 11 आयोगों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी. 11 सितंबर तक विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी. इस दौरान धर्मसंघ की भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के साथ महत्वपूर्ण निर्णय लिये जायेंगे.
