शिबू सोरेन, अर्जुन मुंडा ने जगरनाथ महतो के निधन पर शोक जताया, बोले- झारखंड की राजनीति का एक अध्याय खत्म हो गया

शिबू सोरेन ने कहा है कि स्व महतो झारखंड आंदोलन के समय हमारे सहयोगी थे. उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, कार्यशैली, दूरदर्शिता तथा कुशल नेतृत्व हर अवसर पर परिलक्षित होती थी. अपने संघर्ष , कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और विचारों की स्पष्टता से अलग पहचान बनायी. उनके निधन से झारखंड की राजनीति का एक अध्याय समाप्त हो गया.

By Mithilesh Jha | April 6, 2023 5:43 PM

Jharkhand Education Minister Jagarnath Mahto Death News: झारखंड के शिक्षा एवं मद्य निषेध मंत्री जगरनाथ महतो के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शोक व्यक्त किया है. दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जगरनाथ महतो को झारखंड का कद्दावर नेता करार दिया. उन्होंने कहा कि जगरनाथ महतो के निधन से झारखंड की राजनीति का एक अध्याय समाप्त हो गया.

जगरनाथ महतो झारखंड आंदोलन में हमारे सहयोगी थे : शिबू सोरेन

शिबू सोरेन ने कहा है कि स्व महतो झारखंड आंदोलन के समय हमारे सहयोगी थे. उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, कार्यशैली, दूरदर्शिता तथा कुशल नेतृत्व हर अवसर पर परिलक्षित होती थी. अपने संघर्ष , कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और विचारों की स्पष्टता के कारण उन्होंने अपनी अलग पहचान बनायी. उनके निधन से झारखंड की राजनीति का एक अध्याय समाप्त हो गया. आने वाली राजनीतिक पीढ़ी को उनके लंबे राजनीतिक जीवन से सीख प्राप्त होगी.

Also Read: Jagarnath Mahto Death LIVE: शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का कल पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
जगरनाथ महतो का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति : दिशोम गुरु

उन्होंने कहा कि जगरनाथ महतो का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करें तथा उनके परिवार एवं शुभचिंतकों को इस दुःख में खुद को संभालने की शक्ति प्रदान करें.

झारखंड आंदोलन में ‘टाइगर’ जगरनाथ महतो की थी अहम भूमिका

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि झारखंड के शिक्षा मंत्री ‘टाइगर’ जगरनाथ महतो के निधन का बहुत ही दुःखद समाचार मिला. झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों और चाहनेवालों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति दें.

Also Read: झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का निधन, राजनीतिक दलों में शोक की लहर
झामुमो में शोक की लहर

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि झारखंड के कद्दावर आंदोलनकारी नेता सह झारखंड सरकार के मंत्री जगरनाथ महतो के निधन से पार्टी में शोक की लहर है. पार्टी ने अपना कर्मठ और जुझारू साथी खो दिया. लंबे समय से बीमारी को हराते हुए योद्धा की भांति डंटे रहने वाले जगरनाथ जी का चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी है.

Also Read: जगरनाथ महतो के निधन पर झारखंड में दो दिन का राजकीय शोक, हेमंत सोरेन ने कहा- डांट लगाने से भी पीछे नहीं रहते थे
आने वाली पीढ़ियों के लिए अनुकरणीय है जगरनाथ महतो का जीवन

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि झामुमो में सभी के लिए सर्वसुलभ जगरनाथ महतो का साथ हमेशा के लिए छूट गया. उनकी दृढ़ संकल्प शक्ति, संघर्षशीलता तथा दूरदर्शी सोच सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी. पार्टी के एक और वरिष्ठ नेता अभिषेक प्रसाद ‘पिंटू’ ने कहा कि संघर्ष, कर्तव्यनिष्ठा तथा सादगी ही उनके जीवन का पर्याय रहा. उनका राजनीतिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए अनुकरणीय है.

Next Article

Exit mobile version