मैक्लुस्कीगंज: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और 'हिटमैन' रोहित शर्मा के नाम से संचालित क्रिक किंगडम क्रिकेट अकादमी की शुरुआत मैक्लुस्कीगंज के कोनका स्थित सखुआटांड़ में राजा बंगला परिसर के रेवोल्यूशन स्पोर्ट्स क्रिकेट ग्राउंड में होने जा रही है. अकादमी का विधिवत उद्घाटन एक अगस्त को रोहित शर्मा के भाई विशाल शर्मा अतिथियों की मौजूदगी में करेंगे.
रेवोल्यूशन स्पोर्ट्स के राजीव रंजन वर्मा ने बताया कि यह झारखंड की पहली आधुनिक और प्रोफेशनल क्रिकेट ट्रेनिंग सुविधा होगी. यहां विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग उपलब्ध करायी जायेगी. अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में तकनीकी प्रशिक्षण के साथ फिटनेस, मैच सिमुलेशन और टेक्नोलॉजी आधारित परफॉर्मेंस एनालिसिस पर विशेष जोर दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि आधुनिक उपकरणों और वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति के माध्यम से खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और मानसिक मजबूती को विकसित किया जायेगा. इस पहल का उद्देश्य झारखंड के प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों को पेशेवर माहौल और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए तैयार करना है.
