रांचीः चान्हो थाना क्षेत्र के करकट गांव में बुधवार को एक युवक का शव कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान ओरमांझी के मायापुर मंडा निवासी कमलेश्वर प्रजापति (38 वर्ष), पिता जगत प्रजापति के रूप में हुई है. कमलेश्वर अपनी फुआ के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए 14 सितंबर को करकट गांव आया था.
तड़के शौच के लिए निकला, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 15 सितंबर की तड़के करीब तीन बजे कमलेश्वर शौच के लिए फुआ के घर से बाहर निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला.
ये भी पढ़ें- के. राजू ने सुखदेव भगत से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाए जाने पर दी बधाई
कुएं में झागर डालने पर मिला शव
कमलेश्वर के कुएं में गिरने की आशंका पर बुधवार सुबह घर के समीप स्थित कुएं में झागर डाला गया. इसी दौरान कुएं में उसका शव मिला.वहीं, इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई. जिसके बाद मौके पर स्थानीय चान्हो थाना पुलिस पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है. परिजनों के अनुसार, कमलेश्वर रंग-पुट्टी का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. उसके तीन बच्चे हैं.
ये भी पढ़ें- सुदिव्य सोनू का श्राद्धकर्म आज: गिरिडीह में जुटेंगे राज्यभर के दिग्गज नेता, 4 बड़े पंडाल और 6 पार्किंग स्लॉट तैयार
