रांची : रांची विश्वविद्यालय सिंडिकेट की बैठक मंगलवार को होगी. कुलपति प्रो. सरोज शर्मा की अध्यक्षता में सुबह 10.30 बजे से होने वाली बैठक में सिर्फ एक एजेंडा रखा गया है. नौ सितंबर को आयोजित 39वें दीक्षांत समारोह के मद्देनजर एक फरवरी 2025 के बाद की स्नातकोत्तर, पीएचडी, डीलिट, डीएससी, एमडी, एमफिल, एमएस, एलएलएम आदि की कुल 6923 डिग्रियों को स्वीकृति दी जायेगी.
इनमें एमए की 4617, एमकॉम की 711, एमएससी की 620, एमसीए की 113, एमबीए की 293, एसएसएन की 42, एमडी की 35, एमएस की 92, एमफिल की 43, एमडी की 232, एमसीएच की सात, एलएलएम की 66, डीएम की दो, पीजीडीजीसी की 32 और पीजीडीवाइएस की 18 डिग्रियां शामिल हैं. हालांकि 39वें दीक्षांत समारोह में कुल 3356 डिग्रियों का वितरण किया जायेगा. इनमें 69 गोल्ड मेडल भी शामिल हैं.
आज बचे विद्यार्थियों को मिलेगा गेट पास व ड्रेस
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के बीच मंगलवार को गेट पास और ड्रेस (स्कार्फ) का वितरण किया जायेगा. मोरहाबादी स्थित केंद्रीय पुस्तकालय और बेसिक साइंस भवन स्थित भौतिकी विभाग से सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक गेट पास व ड्रेस मिलेंगे. मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के कारण छह और सात सितंबर को वितरण कार्य स्थगित कर दिया गया था.
पहले दिन करीब 1400 विद्यार्थियों ने गेट पास व ड्रेस प्राप्त किया था. मंगलवार को बचे हुए लगभग 1900 विद्यार्थियों के बीच इसका वितरण किया जायेगा.
दीक्षांत समारोह को लेकर आज होगा रिहर्सल
नौ सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर मंगलवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में दीक्षांत परेड का रिहर्सल होगा. इसमें कुलपति समेत विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे. समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे.
