Ranchi Ashok Nagar Theft News: रांची के अशोक नगर स्थित त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक अखिलेश पांडेय के घर हुई हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में रांची पुलिस को सफलता मिली है. चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गयी जगुआर कार को पश्चिम बंगाल के बरुइपुर से बरामद कर लिया गया है. पुलिस वाहन को रांची ले आयी है. अब आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गयी है. जानकारी के अनुसार चोरी के बाद भागने के दौरान आरोपियों की जगुआर कार की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गयी थी. मामला बढ़ता देख दोनों आरोपी कार वहीं छोड़कर फरार हो गये थे. पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही दोनों आरोपी गिरफ्त में होंगे. गौरतलब है कि अखिलेश पांडेय के घर से करीब आठ लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये मूल्य के सोने, हीरे, रूबी व चांदी के जेवरात चोरी हुए थे. इस संबंध में अखिलेश पांडेय के पुत्र की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
ये भी पढ़ें: धनबाद और देवघर के बाद गिरिडीह प्रधान डाकघर को भी उड़ाने की धमकी, मेल में अभिनेत्री की टिप्पणी पर जताई गई आपत्ति
80 लाख की जगुआर से पहुंचे थे रांची
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी आठ जुलाई की दोपहर करीब 80 लाख की जगुआर कार से रांची पहुंचे थे. कार पर उत्तरप्रदेश का नंबर प्लेट लगा था. दोनों ने जगन्नाथपुर स्थित बिरसा चौक के पास होटल पार्क रिट्रीट में कमरा लिया था. होटल में ठहरने के लिए उन्होंने एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर बने आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था. जांच में यह भी पता चला कि होटल में ठहरने के दौरान दोनों कई बार बाहर निकले थे. पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, फर्जी पहचान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
ये भी पढ़ें: खराब सड़कों और लेटलतीफी पर CM हेमंत ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी, 2 माह में व्यवस्था सुधारने का निर्देश
ये भी पढ़ें: जेल में घुसा सांप और डकैत को लिया डंस, अस्पताल में हो रहा इलाज
