Ranchi Police Inspection : रांची में पुलिस की सतर्कता और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने मंगलवार की देर रात खुद सीनियर एसपी शहर की सड़कों पर उतर गये. औचक निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में गंभीर लापरवाही सामने आयी. ओडी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी के बजाय सिविल ड्रेस में मिले. इतना ही नहीं थाना प्रभारी अपने ही ओडी अधिकारी का नाम नहीं बता पाये. इस अनुशासनहीनता पर गंभीरता बरतते हुए एसएसपी ने हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
थानों से लेकर पीसीआर वैन तक का औचक निरीक्षण
एसएसपी ने सिटी एसपी पारस राणा के साथ शहर के विभिन्न थानों, रात्रि गश्ती दलों और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने इस दौरान पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन, गश्ती व्यवस्था और आम जनता के लिए उनकी उपलब्धता का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान विभिन्न सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात गार्डों की ड्यूटी की भी गहन जांच की गयी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक नहीं रहे. शहर के अलग-अलग इलाकों में पीसीआर वैन की भी जांच कर उनकी सक्रियता परखी गयी.
मुस्तैदी से ड्यूटी करनेवाले की हुई सराहना
एसएसपी ने ईमानदारी और मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों की सराहना की. वहीं सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि वे हर समय पूरी तरह अलर्ट रहें, आम लोगों की हरसंभव मदद करें और रात के समय कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या उपद्रव करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें.
ये भी पढ़ें: खराब सड़कों और लेटलतीफी पर CM हेमंत ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी, 2 माह में व्यवस्था सुधारने का निर्देश
ये भी पढ़ें: जेल में घुसा सांप और डकैत को लिया डंस, अस्पताल में हो रहा इलाज
