रांची से राजेश वर्मा की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. टाटीसिलवे से अनगड़ा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे लगे डोल मेला में अचानक एक अनियंत्रित कार घुस गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जमशेदपुर नंबर की बताई जा रही कार
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल कार जमशेदपुर नंबर की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया. इसके बाद कार सीधे मेले में मौजूद लोगों की भीड़ की तरफ घुस गई, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए.
कई लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतक की पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घायलों को संभालने में जुट गए.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में खून की कमी, दर-दर भटक रहे मरीजों के परिजन
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: सरायकेला में 17 मार्च को होगी होमगार्ड की बहाली परीक्षा, डीसी ने लिया तैयारी का जायजा
