रांची से राजीव पांडे की रिपोर्ट
रांची. मंगलवार सुबह से ही राजधानी में जमकर बारिश हुई. लगातार बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गयीं. सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई, वहीं दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
बारिश के बाद और बिगड़ी सड़क की स्थिति
चैशायर होम रोड की स्थिति बारिश के बाद बेहद खराब हो गयी. इस सड़क पर पहले से ही जगह-जगह गड्ढे हैं. बारिश का पानी जमा होने के बाद गड्ढे दिखाई नहीं देने से वाहन चालकों के लिए परेशानी और बढ़ गयी. वाहनों को सड़क पार करने में काफी समय लग रहा है.
जाम में फंसी स्कूली बस और एंबुलेंस
सड़कों पर जलजमाव और वाहनों की धीमी रफ्तार के कारण कई जगह जाम की स्थिति बन गयी. इस जाम में स्कूली बस और एंबुलेंस भी फंसती नजर आयीं. इससे आम लोगों के साथ-साथ मरीजों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें: Nepal Flood : 6 दिन से लापता पलामू के महेंद्र की खोज में नेपाल पहुंचे परिजन
जल निकासी और सड़क व्यवस्था पर सवाल
बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या ने एक बार फिर राजधानी की जल निकासी और सड़क व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढों वाली सड़कों की मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो.
