रांची : झारखंड भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने छात्र आंदोलन से जुड़े युवाओं पर गंभीर आपराधिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किये जाने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि छात्रों पर हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) जैसी गंभीर धाराएं लगाया जाना चिंताजनक है. सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि युवाओं पर ऐसी धाराएं लगाने का आधार क्या था.
मुकदमे वापस लेने की दिशा में पहल क्यों नहीं
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हाल ही में केंद्र और छह अन्य राज्यों ने दिल्ली में छात्र आंदोलनों से जुड़े मामलों में राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. ऐसे में झारखंड सरकार विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत इन मामलों की समीक्षा करने या मुकदमे वापस लेने के लिए हाइकोर्ट में पहल क्यों नहीं कर रही है.
मंत्रियों पर लगाया ढोंग करने का आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने राज्य सरकार के मंत्रियों पर ढोंग करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने के बाद मंत्रियों ने धरना स्थल पर जाकर छात्रों को जूस पिलाने का नाटक किया था. उस समय मुकदमे हटाने के वादे किये गये थे, लेकिन वे महज आईवॉश साबित हुए.
