ATM कार्ड बदलकर ठगी करने आए थे रांची, चेकिंग में पुलिस के हत्थे चढ़े दो अपराधी

Ranchi: रांची में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया गया है. चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर घूम रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया. उनके पास से कई एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद हुए हैं, जबकि पूछताछ में कई शहरों में ठगी करने का खुलासा हुआ है.

Ranchi: रांची पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अपराधियों को धर दबोचा है. पुलिस ने उनके पास से तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है. रांची एसएसपी को 14 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे उड़ाने वाला गिरोह रांची के विभिन्न इलाकों में सक्रिय है. सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर एसपी रांची के नेतृत्व में सभी थानों की टीम गठित की गई और अलग-अलग स्थानों पर वाहन चेकिंग शुरू की गई.

चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

चेकिंग के दौरान बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के बीआईटी रेलवे ओवरब्रिज के पास एक नीले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे भागने लगे. इसके बाद पुलिस ने पीछा कर जुमार पुल के पास दोनों को पकड़ लिया. पुलिस ने जब बाइक के कागजात मांगे तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए. तलाशी लेने पर उनके पास से तीन एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.

पूछताछ में कबूला ठगी का अपराध

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे निकालते थे. वे रांची में भी इसी इरादे से आए थे. पुलिस के अनुसार इन लोगों ने पहले भी रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह समेत कई जगहों पर इसी तरह की ठगी की है.

गिरफ्तार आरोपी कौन हैं

पुलिस ने जिन दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं:
विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू (26 वर्ष) – निवासी हादसा, हिसुआ, जिला नवादा (बिहार)
धनंजय कुमार सिंह (36 वर्ष) – निवासी धमौल, थाना हिसुआ, जिला नवादा (बिहार)
दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन एटीएम कार्ड, फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

कई जिलों में दर्ज हैं मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि इन अपराधियों के खिलाफ झारखंड और बिहार के कई थानों में पहले से ठगी और चोरी के मामले दर्ज हैं. कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद हैं. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें…

चतरा एयर एंबुलेंस हादसा: 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान का दूसरा इंजन

कोल्हान में खुलेगा ‘सिल्क पार्क’! चाईबासा में तसर बीज क्षेत्र के विस्तार पर DC और केंद्रीय वैज्ञानिक के बीच बड़ी चर्चा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >