रांची. दीपशिखा का वार्षिकोत्सव रविवार को उत्साह के साथ मनाया गया. मुख्य अतिथि डॉ मयंक मुरारी व विशिष्ट अतिथि सोनी वर्मा उपस्थित थीं. सांस्कृतिक कार्यक्रम में बौद्धिक व विकासात्मक दिव्यांगता वाले बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों ने ''छोटा बच्चा जान के मुझको'' और ''छोटी-छोटी गैया'' जैसे गीतों पर अपनी निश्छल प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया. कान्हा के रूप में सजे बच्चों के साथ उनकी माताएं यशोदा बनकर मंच पर उतरीं. इन प्रस्तुतियों में केवल नृत्य नहीं, बल्कि बच्चे और मां के बीच प्रेम, विश्वास व साथ की सुंदर अनुभूति जीवंत हो उठी. संस्था के वयस्क कौशल प्रशिक्षण इकाई के प्रशिक्षुओं ने फरिश्ते के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और क्षमताओं का परिचय दिया.
पुरस्कृत हुए बच्चे और अभिभावक
इस अवसर पर संदीप कुमार, शिवांश, एडविन लकड़ा व राज केशरी को उनकी उपलब्धियों के लिए सोनू सोनथालिया प्रेरणा पुरस्कार प्रदान किया गया. अनिता कुमारी, मदन प्रसाद सोनी, राहुल कुमार सिंह व हीना परवेज को अभिभावक व देखभालकर्ता के रूप में उनके असाधारण समर्पण के लिए गौरी देवी सोनथालिया स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया. बिस्वतृष सरकार को वर्ष के श्रेष्ठ पिता के रूप में माधव सोनथालिया स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया. मौके पर स्पर्श इकाई, बाल विकास केंद्र, विशेष विद्यालय व वयस्क कौशल प्रशिक्षण इकाई की गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गयी. कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष मंजू गुप्ता, सचिव सुधा ल्हीला, डॉ मनीषा बुधिया, कोषाध्यक्ष प्रियंका जालान आदि उपस्थित थे.
