रांची : झारखंड के सभी भागों में मानसून तय समय से दो दिन पहले शनिवार (13 जून, 2020) को पहुंच गया. हालांकि शुक्रवार को मानसून जमेशदपुर में सबसे पहले पहुंच गया था. शनिवार को राजधानी रांची में भी इसने दस्तक दे दी और इसके प्रभाव से लगभग पूरे राज्य में अगले पांच दिन तक बादल छाये रहने तथा लगभग पूरे राज्य में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है.
रांची में मौसम विभाग के निदेशक डॉ एसडी कोटाल ने बताया कि हाल में बंगाल की खाड़ी में आये चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ के कारण बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते मानसून तय समय से दो दिन पूर्व ही झारखंड पहुंच गया. उन्होंने बताया कि केरल में इस वर्ष एक जून को पहुंचा दक्षिण पश्चिम मानसून ओड़िशा और पश्चिम बंगाल होते हुए शुक्रवार को राज्य में प्रवेश कर गया था और आज इसने राजधानी रांची समेत लगभग पूरे झारखंड राज्य में दस्तक दे दी.
उन्होंने बताया कि आमतौर पर मानसून झारखंड के जमशेदपुर में 14 जून को पहुंचता है, जबकि रांची में यह 15 जून को पहुंचता है, लेकिन इस बार यह 12 जून को ही जमशेदपुर पहुंच गया और 13 जून को रांची भी पहुंच गया. कोटाल ने बताया कि मानसून के चलते पूरे झारखंड में अगले पांच दिन तक गहरे बादल छाये रहने तथा मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में मानसून के चलते राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गयी. इससे पूर्व मानसून के चलते राज्य के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया. दो दिनों से हुए मौसम परिवर्तन चलते रांची समेत तकरीबन राज्य के हर हिस्से में लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है. शनिवार को रांची समेत कई जिलों में सुबह से काले बादल छाये रहे.
विभाग के अनुसार, मानसून शुक्रवार को तेजी से आगे बढ़ा और शनिवार को यह झारखंड में प्रवेश कर गया. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और गुमला, हजारीबाग तथा गिरिडीह के कुछ हिस्सों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है.
मौसम विभाग ने 13 जून से 19 जून 2020 तक का पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें कहा गया है कि 13 जून, 2020 को राज्य में लगभग सभी जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. हालांकि, आने वाले 3-4 दिनों में दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. 14 जून से 19 जून के बीच (16 एवं 17 जून को छोड़कर) झारखंड राज्य में लगभग सभी जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. 16-17 जून को कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने का अनुमान मौसम विभाग ने जाहिर किया है.
Also Read: Jharkhand Monsoon 2020: झारखंड को भिगोने आ रहा मानसून, कई दिनों तक सभी 24 जिलों में होगी बारिश
पिछले 24 घंटे की बात करें, तो झारखंड में मानसून की सक्रियता सामान्य रही. राज्य में लगभग सभी जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई. सबसे ज्यादा वर्षा धनबाद के पुटकी में हुई. यहां 53.4 मिमी वर्षापात हुआ, जबकि रांची में 17 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी. इस दौरान न्यूनतम तापमान कांके में दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान डाल्टेनगंज में रिकॉर्ड किया गया. कांके में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, पुटकी, कोनार, बोकारो में 50 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि अड़की, पथरगामा, घाटशिला, पापुंकी में 30-30 मिमी, खरसावां, राजमहल, रांची, महेशपुर, मसानजोड़, महगावां, जमशेदपुर, तेनुघाट, जारीडीह में 20-20 मिमी एवं रामगढ़, पाकुड़, तोरपा, हजारीबाग, नंदडीह, जमशेदपुर एमओ, एवं सिकाड़िया में 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गयी.
मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जून से 13 जून, 2020 की सुबह 8:30 बजे तक जमशेदपुर में सबसे ज्यादा 119 मिलीमीटर वर्षा हुई है. रांची में 90.4 मिमी, दुमका में 38 मिमी, डाल्टेनगंज में 36 मिमी एवं बोकारो में 11.8 मिमी वर्षा हुई है. पिछले 24 घंटे के दौरान रांची की अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 98 फीसदी, तो जमशेदपुर की 95, डाल्टेनगंज की 86, बोकारो एवं चाईबासा की 97 फीसदी रही.
Also Read: इटखोरी में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, खेतों की ओर निकले किसान
Posted By : Mithilesh Jha
