रांची में जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर की बेरहमी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस

रांची के खोरहाटोली में जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर की सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई है. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आपसी रंजिश और जमीन विवाद के एंगल से मामले की जांच कर रही है.

रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट

Ranchi Murder News: रांची के खोरहाटोली इलाके में बेखौफ अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है. जमीन का कारोबार करने वाले लगभग 55 वर्षीय रमेश ठाकुर की सिर पर वार करके हत्या कर दी गयी. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी है.  

सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

जानकारी के मुताबिक, रमेश ठाकुर का मकान तपोवन कॉलोनी और खोरहाटोली में है. रात लगभग आठ बजे वह खाना खाकर खोरहाटोली के मकान में पहुंचे. इसके बाद रात में ही हत्या कर दी गयी है. मिली जानकारी के अनुसार वे पहले जमीन के खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े थे. लगभग दो से तीन साल से जमीन का कारोबार नहीं कर रहे थे. आशंका जतायी जा रही है कि अपराधियों ने प्लास सहित किसी धारदार या भारी हथियार से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किया. हमला इतना जोरदार था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखरा पड़ा था, जिसे देखकर स्थानीय लोग सिहर उठे.

आपसी रंजिश व जमीन विवाद के एंगल से जांच 

किराएदार ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्राथमिक दृष्टि में मामला जमीन विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.

आस-पास के सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस 

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के आने-जाने के सुराग मिल सकें. साथ ही रमेश ठाकुर के परिजनों और सहयोगियों से भी पूछताछ की जा रही है कि हाल के दिनों में उनका किसी के साथ कोई विवाद चल रहा था या नहीं. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

ये भी पढ़ें: गुमला में सेना के जवान से 21.37 लाख रुपये की ठगी, एसपी-डीसी से लगाई इंसाफ की गुहार

ये भी पढ़ें: हजारीबाग: खेत देखने गए किसान की हाथियों के हमले में मौत, जंगल के पास मिला शव


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >