रांची. रांची रेल मंडल के पुरुष क्रिकेट खिलाड़ी एवं कोच कुलदीप शर्मा को भारतीय रेलवे सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का कोच नियुक्त किया गया है. रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) के तत्वावधान में टीम का प्री-पार्टिसिपेशन कोचिंग कैंप 15 सितंबर से 11 अक्तूबर तक खुर्दा रोड में आयोजित होगा.
कुलदीप शर्मा दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल से इस स्तर पर भारतीय रेलवे सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के कोच नियुक्त होने वाले पहले खिलाड़ी एवं कोच हैं. उनकी नियुक्ति को रांची रेल मंडल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
खेल अनुभव और लगातार मेहनत का मिला परिणाम
कुलदीप शर्मा की इस नियुक्ति को उनके खेल अनुभव, प्रतिभा, समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम बताया गया है. भारतीय रेलवे की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के साथ कोच के रूप में जिम्मेदारी मिलने से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल विशेषज्ञता का उपयोग करने का अवसर मिलेगा.
उनकी इस उपलब्धि से रांची रेल मंडल के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को भी उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलने की उम्मीद है. रेल मंडल में खेल गतिविधियों से जुड़े खिलाड़ियों के लिए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
मंडल रेल प्रबंधक ने दी बधाई
कुलदीप शर्मा की नियुक्ति पर मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह और मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजा ने उन्हें बधाई दी. दोनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
