रांची से प्रणव की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के कोकर इलाके से लापता बच्ची अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. 9 मई से गायब अदिति की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी और जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है. बच्ची की गुमशुदगी को लेकर परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ती जा रही है.
सूचना देने वाले के लिए इनाम राशि बढ़ाई गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले अदिति के बारे में सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की थी. अब पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी है. इसके बावजूद अब तक बच्ची के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी सामने नहीं आ सकी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अदिति की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है. आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. इसके अलावा दूसरे जिलों और राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है, जिससे कि बच्ची का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को अदिति के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. पुलिस ने भी आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि छोटी से छोटी सूचना भी जांच में अहम साबित हो सकती है.
इधर, इस घटना के बाद इलाके में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोग पुलिस से जल्द बच्ची को खोज निकालने की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने का निर्देश, JBVNL निदेशक ने किया सबस्टेशनों का निरीक्षण
यह भी पढ़ें: झारखंड में बालू को लेकर बड़ा खेल, स्टॉक यार्ड में बालू ही नहीं तो नीलामी का टेंडर कैसे निकाला
