रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट
रांची: JPSC-JSSC में कथित गड़बड़ी और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सोमवार को राजधानी रांची में छात्र आंदोलन का बड़ा असर देखने को मिला. विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे. आंदोलन से जुड़े छात्रों का दावा है कि 10 हजार से अधिक छात्र राजधानी पहुंचे हैं, जबकि करीब 5 हजार से अधिक छात्र विधानसभा के आसपास पहुंचकर धरने पर बैठ गये हैं. वहीं, छात्र संगठनों की ओर से रांची में करीब 20 हजार छात्रों के जुटने का दावा किया गया है.
सुबह आठ बजे से शुरू हुई छात्रों की जुटान
विधानसभा घेराव को लेकर छात्रों की जुटान सोमवार सुबह करीब आठ बजे से शुरू हुई. प्रशासन की ओर से राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में बैरिकेडिंग की गयी थी. रांची आने वाले रास्तों पर भी कई जगह बसों को रोककर छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया गया. इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा के आसपास पहुंचने में सफल रहे.
ये भी पढ़ें... JPSC Protest: 'भइया, थोड़ा और प्रेशर मारो न'...वाटर कैनन खुलते ही झूमने लगे आंदोलनकारी छात्र
शाम चार बजे विधानसभा गेट के सामने पहुंचे छात्र
विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के बाद शाम करीब चार बजे बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा के मुख्य गेट के सामने पहुंच गये. छात्रों ने गेट नंबर-1 के पास सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया. इसी गेट से मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के विधानसभा में प्रवेश करने का रास्ता है.
शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे छात्र
विधानसभा परिसर की सुरक्षा को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है. हालांकि, प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से किसी तरह की आक्रामक कार्रवाई नहीं की गयी. छात्र सड़क पर बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें... JPSC परीक्षा विवाद में बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार
CBI जांच और CGL रद्द करने की मांग
छात्रों की प्रमुख मांग JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच कराने की है. इसके अलावा TDPL एजेंसी की ओर से ली गयी सभी परीक्षाओं की जांच और CGL परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर भी छात्र लगातार अड़े हुए हैं. छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
विधानसभा के चारों तरफ छात्रों का जमावड़ा
विधानसभा के गेट नंबर-1 के अलावा आसपास के अलग-अलग हिस्सों में भी छात्रों के समूह धरने पर बैठे हैं. मंत्रियों के आवासीय परिसर के मुख्य गेट के पास भी छात्रों की मौजूदगी है और लगातार नारेबाजी की जा रही है. विधानसभा के चारों तरफ छात्र समूह बनाकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.
‘ठोस निर्णय तक जारी रहेगा आंदोलन’
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर विधानसभा के आसपास ही डटे रहेंगे. छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. हालांकि, अब तक छात्रों की ओर से विधानसभा परिसर के अंदर प्रवेश करने की कोई कोशिश नहीं की गयी है.
बैरिकेडिंग के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र
छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से रांची के विभिन्न प्रवेश मार्गों और विधानसभा के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र राजधानी पहुंच गये. फिलहाल विधानसभा के आसपास स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है. पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं, जबकि छात्र विधानसभा के बाहर धरने पर डटे हुए हैं.
