झारखंड राज्यसभा चुनाव: दिनभर चढ़ता-उतरता रहा सियासी पारा, जानें पूरे दिन का घटनाक्रम

Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड राज्यसभा चुनाव के दिन राजनीतिक गतिविधियां लगातार जारी रहीं. सुबह की रणनीतिक बैठकों से लेकर मतदान और परिणाम तक, पूरे दिन कई अहम घटनाक्रम सामने आए जिन्होंने सियासी माहौल को गर्माए रखा. पूरा घटनाक्रम नीचे पढ़ें...

Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को हुए चुनाव के दौरान विधानसभा परिसर सुबह से देर शाम तक राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा. प्रत्याशियों के पहुंचने, विधायकों के जमावड़े, मतदान, मतगणना और फिर जीत के जश्न तक दिनभर घटनाक्रम तेजी से बदलता रहा. सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की सक्रियता बनी रही. चार चरणों में पूरे दिन के घटनाक्रम कुछ इस तरह रहे.

पहला पहर : एनडीए और कांग्रेस विधायक बस से पहुंचे

राज्यसभा चुनाव को लेकर विधानसभा परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. विधायकों व विधानसभा कर्मियों के लिए केवल गेट नंबर-2 से आवाजाही की व्यवस्था थी. सबसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा सुबह 8:45 बजे विधानसभा पहुंचे. इसके बाद सुबह 9:02 बजे निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी और सुबह 9:10 बजे झामुमो के बैजनाथ राम पहुंचे. तीनों प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किये. सुबह 9:08 बजे कांग्रेस के सभी 16 विधायक बस से विधानसभा पहुंचे. इसके बाद 9.35 बजे भाजपा के 21 विधायकों के अलावा आजसू, लोजपा और जदयू के एक-एक विधायक बस से पहुंचे. बस के पीछे एस्कॉर्ट पार्टी भी थी. जेएलकेएम विधायक जयराम महतो अपनी गाड़ी से पहुंचे. कांग्रेस प्रभारी के राजू, सह प्रभारी बेला प्रसाद, राज्यसभा सांसद डॉ नासिर हुसैन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विनोद पांडेय, फागू बेसरा और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर समेत कई नेता विधानसभा पहुंचे. इसके बाद झामुमो के मंत्रियों और विधायकों का काफिला परिसर में दाखिल हुआ.

दूसरा पहर : दिन में मतदान, गेट पर होती रही नोकझोंक

विधानसभा परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. जिनके पास विधानसभा का पास था, उन्हें जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा था. पास नहीं होने पर कांग्रेस, भाजपा, झामुमो के कई नेता, कार्यकर्ता और मीडिया कर्मियों को रोक दिया गया. इसको लेकर सुरक्षा कर्मियों के साथ दिनभर तू-तू, मैं-मैं होती रही. कई नेता लौट गये, तो कई बाहर ही जमे रहे. विधानसभा के अंदर मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चली और दोपहर 1:35 बजे तक सभी 81 विधायकों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया.

तीसरा पहर : शाम में मतगणना, तीन वोट हुए रद्द

शाम 4:00 बजे बैलेट बॉक्स सील करने के बाद निर्वाचन पदाधिकारी ने केंद्रीय चुनाव आयोग से मतगणना की अनुमति मांगी. अनुमति मिलने के बाद मतगणना शुरू हुई. सभी दलों के काउंटिंग एजेंट मौजूद थे. मतगणना के बाद सबसे पहले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर बाहर निकले और बताया कि तीन वोट रद्द हो गये हैं. झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम को 30 मत मिले, जबकि दो मत रद्द होने के बाद एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी को 28 मत मिले. कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को एक मत रद्द होने के बाद 20 मत प्राप्त हुए. परिणाम की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कक्ष के बाहर भारत माता की जय के नारे लगने लगे. प्रमाण पत्र लेने के बाद परिमल नथवाणी बाबूलाल मरांडी के कक्ष पहुंचे, जहां एनडीए नेताओं ने उन्हें बधाई दी.

चौथा पहर : जीते बैजनाथ राम और नथवाणी, जश्न शुरू

जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद परिमल नथवाणी भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. उन्होंने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कहा कि झारखंड उनकी कर्मभूमि है. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास, कुटीर उद्योग, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा के क्षेत्र में काम को प्राथमिकता देने की बात कही. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे एनडीए की एकजुटता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत बताया. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परिमल नथवाणी की उम्मीदवारी के साथ ही उनकी जीत तय हो गयी थी. संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इसे मजबूत संगठन और एकजुटता का परिणाम बताया. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, सुदेश महतो, अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी.

ये भी पढ़ें…

कौन हैं कांग्रेस को पटखनी देने वाले परिमल नथवाणी? जानिए मुकेश अंबानी के ‘राइट हैंड’ की कहानी

कौन हैं बैजनाथ राम, जिन्होंने झारखंड से जीता राज्यसभा चुनाव?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >