Sudivya Sonu Death: झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने अपना प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. एसोसिएशन ने 8 से 10 सितंबर 2026 तक नौ सूत्री मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की थी, लेकिन मंत्री के निधन की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय कार्यकारिणी की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से इसे फिलहाल टालने का फैसला लिया गया.
नौ सूत्री मांगों पर होना था आंदोलन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 6 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में केंद्रीय कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक का मुख्य एजेंडा नौ सूत्री मांगों के समर्थन में प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप देना था. बैठक में झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन, झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन और झारखंड पुलिस चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया था. इसके अलावा झारखंड पुलिस सेवानिवृत्त पुलिस एसोसिएशन ने भी इस आंदोलन को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की थी.
सर्वसम्मति से लिया गया फैसला
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन की सूचना मिलने के बाद सभी संगठनों के निर्वाचित पदाधिकारियों ने आपस में विचार-विमर्श किया. इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 8 से 10 सितंबर तक प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया जाए. बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. साथ ही उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए.
इसे भी पढ़ें: सुदिव्य सोनू की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, CM हेमंत सोरेन ने दिया कंधा
अगली बैठक में बनेगी नई रणनीति
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन को रद्द नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल स्थगित किया गया है. आंदोलन की आगे की रूपरेखा अगली बैठक में तय की जाएगी. यानी नौ सूत्री मांगों को लेकर संगठन अपनी रणनीति बाद में घोषित करेगा. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के साथ वरीय उपाध्यक्ष मो. महताब आलम, उपाध्यक्ष रोहित रजक, संयुक्त सचिव संतोष कुमार महतो, संयुक्त सचिव राकेश कुमार पांडेय समेत केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, क्षेत्रीय पदाधिकारी, विशेष आमंत्रित सदस्य और विभिन्न पुलिस संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए. इसके अलावा संगठन के पूर्व पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया. एसोसिएशन ने मीडिया से इस निर्णय को प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित करने का अनुरोध भी किया है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की प्रभात खबर के साथ आखिरी बातचीत, जानें उन्होंने क्या कहा था
