Jharkhand Nikay Chunav: तैयारियां पूरी, 6124 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

Jharkhand Nikay Chunav: झारखंड नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सोमवार को शहर की सरकार चुनी जाएगी. 6124 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. मतदान सोमवार की सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा.

Jharkhand Nikay Chunav: राज्य के सभी 48 शहरी निकायों में नगर सरकार के लिए 23 फरवरी, सोमवार को मतदान होगा. सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदाता अपना वोट डाल सकेंगे. मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 562 प्रत्याशी मैदान में हैं. वहीं 5562 प्रत्याशी वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. सभी 6124 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य शाम पांच बजे 8608 मतपेटियों में कैद हो जायेगा. चुनाव में हिस्से ले रहे शहरी मतदाताओं की कुल संख्या 43,33,574 है. इनमें 22,07,203 पुरुष, 21,26,227 महिला और 144 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं. कुल 1087 वार्डों में मतदान कराया जायेगा. इसके लिए 4304 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जो 2129 भवनों में स्थापित किये गये हैं. निकाय चुनाव में इस बार महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय है. पार्षद पद के लिए 2148 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 188 महिलाएं चुनावी मैदान में डटी हैं.

एक ही मतपेटी में डाला जायेगा मेयर व पार्षद का वोट

मतदाताओं को बैलेट पेपर पर अपना वोट देना होगा. मतदाताओं को दो अलग-अलग रंग के बैलेट पेपर पर मिलेंगे. गुलाबी बैलेट पेपर मेयर या अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के लिए होगा, जबकि सफेद बैलेट पेपर पार्षद प्रत्याशियों के लिए है. मतदाताओं को अपना वोट देकर दोनों ही मतपत्र एक ही मतपेटी में डालना होगा. राज्य निर्वाचन आयोग ने हर बूथ पर दो-दो मतपेटियां उपलब्ध करायी हैं.

निर्विरोध चुन लिये गये हैं 41 पार्षद

इस बार राज्य के नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में चुनाव हो रहा है. मेयर और अध्यक्ष के 48 पदों तथा वार्ड पार्षदों के 1042 पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. वहीं, 41 वार्ड पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि तीन वार्डों में किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया.

मतदाता ऑनलाइन खोज सकते हैं अपना नाम

शहरी क्षेत्र के मतदाता वोट देने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम ऑनलाइन खोज सकते हैं. संबंधित जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम तलाशा जा सकता है. उदाहरण के लिए रांची नगर निगम के मतदाता जिले के अधिकारिक वेबसाइट https://ranchi.nic.in पर जाकर वहां रांची और बुंडू नगर निगम की मतदाता सूची के लिंक पर क्लिक करके डाउनलोड कर सकते हैं.

मतदाता पहचान पत्र नहीं होने पर भी डाल सकेंगे वोट

मतदाता पहचान पत्र नहीं होने पर भी वोट दिया जा सकता है, बशर्ते मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो. इसके लिए वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक को दिखाना होगा.

  • आधार कार्ड
  • पासपोर्ट
  • ड्राइविंग लाइसेंस
  • पैन कार्ड
  • राज्य या केंद्र सरकार
  • पीएसयू, सार्वजनिक उपक्रम का फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र
  • बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक
  • मनरेगा जॉब कार्ड
  • पेंशन दस्तावेज (फोटो सहित)
  • श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड
  • स्मार्ट कार्ड (आरजीआई के अंतर्गत एनपीआर) व विकलांगता प्रमाण पत्र.

ये भी पढ़ें…

बैलेट बॉक्स लेकर बूथों पर रवाना हुए पोलिंग एजेंट, वोटरों से बिना किसी भय के वोट देने की अपील

Deoghar: कुमैठा डिस्पैच सेंटर से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां, सोमवार को मतदान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >