Jharkhand News: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मॉनसून कमजोर रहा. इस कारण पिछले 24 घंटे में केवल सिमडेगा में बारिश हुई. अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहा. मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव (डिप्रेशन) के प्रभाव से झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, 30 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना है. इस दौरान वज्रपात भी हो सकते हैं, साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिलों में 27-28 जुलाई को कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है.
डिप्रेशन का असर, 29% कम बारिश
आइएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न दबाव क्षेत्र डिप्रेशन में बदल गया है. इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन बनने तथा 27 जुलाई को ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के बीच प्रवेश करने की संभावना है. इसी सिस्टम के कारण झारखंड में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी. 29 और 30 जुलाई को भी राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने का अनुमान है. इधर, एक जून से 26 जुलाई तक झारखंड में 325 मिमी वर्षा दर्ज की गयी है, जबकि सामान्य वर्षा 455.9 मिमी होती है. यानी राज्य में अब तक 29 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है.
कहां-कहां बारिश का अनुमान?
27 जुलाई : गुमला, खूंटी, रांची और लोहरदगा जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट.
28 जुलाई : पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
मौसम केंद्र का पूर्वानुमान
- बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा निम्न दबाव, अगले पांच दिनों तक झारखंड में दिखेगा असर.
- दक्षिणी व मध्य झारखंड के कई जिलों में 27-28 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना.
- एक जून से 26 जुलाई तक झारखंड में 325 मिमी वर्षा दर्ज की गयी, अब तक 29 प्रतिशत कम वर्षा.
किसानों के लिए राहत की उम्मीद
राज्य में अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा होने के कारण खरीफ फसलों, विशेषकर धान की रोपाई प्रभावित हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक होनेवाली व्यापक वर्षा से खेतों में नमी बढ़ेगी. किसानों को रोपाई कार्य में राहत मिल सकती है. भारी बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को सतर्क रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गयी है.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग बड़कागांव में गोलीबारी के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान का ऑडियो वायरल, पुलिस के दावों को किया खारिज
ये भी पढ़ें: कैट-2026 : 29 नवंबर को होगी परीक्षा, तीन अगस्त से शुरू होंगे आवेदन, जानें अंतिम तिथि
