रांची से सुनील कुमार की रिपोर्ट
T20 World Cup: कोलंबो के ऐतिहासिक आर प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार को खेले गये टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज की. जैसे ही टीम इंडिया की जीती, राजधानी रांची में उत्साह की लहर दौड़ गयी. युवाओं की टोली हाथों में तिरंगा थामकर सड़कों पर उतर गयी और जश्न मनाना शुरू कर दिया. जश्न मानानेवालों में छोटे-छोटे बच्चे भी थे. सभी एक-दूसरे को जीत की बधाई दे रहे थे.
हर हर महादेव से गूंज उठी रांची
बड़ी संख्या में लोग अलबर्ट एक्का चौक पर जुटे, जहां भारत माता की जय…, जय श्रीराम… और हर-हर महादेव… के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा. इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी हुई. रांची में यह जश्न देर रात तक चलता रहा. शहर का हर कोना जीत की खुशी में डूबा नजर आया. भारत की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि देश की धड़कन है.
मोबाइल पर मैच का मजा ले रहे थे युवा
टी-20 मुकाबले के दौरान युवा मोबाइल से चिपके नजर आये. कई जगहों पर सड़क किनारे समूह बनाकर एक ही मोबाइल पर मैच देखते दिखे. जैसे ही विरोधी टीम का विकेट गिरता, युवा खुशी से झूम उठते. इससे पहले मैच शुरू होते ही रांची की सड़कों पर असामान्य सन्नाटा देखने को मिला. आम दिनों में जहां बाजारों और चौक-चौराहों पर भीड़ रहती है, वहां रविवार की शाम लोग जल्दी-जल्दी अपने घरों की ओर लौटते नजर आये.
इसे भी पढ़ें: सरायकेला के सीनी शिव मंदिर में धूमधाम से निकली शिव बारात, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा रहे मौजूद
बुजुर्गों के लिए भी खास रहा यह मुकाबला
बुजुर्गों के लिए भी यह मुकाबला खास था. उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच का रोमांच हमेशा अलग होता है. कई बुजुर्ग टीवी से चिपके रहे और हर ओवर के साथ अपनी धड़कनों को थामे बैठे थे. ईशान किशन को लेकर शहर में विशेष उत्साह दिखा. उनके हर बेहतरीन शॉट पर मोहल्लों में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठती. भारत की जीत के बाद कई जगहों पर युवाओं और बच्चों ने उनकी तस्वीर को प्रतीकात्मक रूप से मिठाई खिलायी.
इसे भी पढ़ें: आधी रात को धनबाद के स्टील गेट सब्जी मार्केट में लगी भीषण आग, दुकानें खाक
