झारखंड में बालू का अवैध कारोबार बेखौफ, तीन माह में 17 हजार टन जब्त

झारखंड में बालू का अवैध खनन रोकना बड़ी चुनौती. केवल 3 माह में 17,296 टन बालू जब्त, पिछले साल के 13% के बराबर। जानिए कहां हुई सबसे ज्यादा कार्रवाई.

रांची : झारखंड में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई में बालू लगातार सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है. खनन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक राज्य में कार्रवाई के दौरान 132551.43 टन बालू पकड़ा गया. इसी अवधि में 82320.67 टन पत्थर की जब्ती दर्ज की गयी. यानी एक साल में बालू और पत्थर मिलाकर 214872.10 टन खनिज अवैध खनन/परिवहन की कार्रवाई में पकड़ा गया. वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती तीन माह यानी अप्रैल से जून 2026 में ही 17296.28 टन बालू और 8992.26 टन पत्थर पकड़ा गया. तीन महीने में दोनों खनिजों की कुल मात्रा 26288.54 टन रही.

तीन माह में पिछले साल की बालू की 13 फीसदी मात्रा

अप्रैल-जून 2026 में पकड़ी गयी 17296.28 टन बालू की मात्रा पिछले पूरे वित्तीय वर्ष में पकड़ी गयी बालू की मात्रा का करीब 13 फीसदी है. इसी तरह तीन माह में पकड़ा गया 8992.26 टन पत्थर पिछले पूरे साल की 82320.67 टन मात्रा का करीब 11 फीसदी है.बालू-पत्थर दोनों को मिलाकर देखें, तो अप्रैल-जून 2026 में पकड़ी गयी 26288.54 टन मात्रा पिछले पूरे वित्तीय वर्ष में पकड़ी गयी 2.15 लाख टन मात्रा की करीब 12 फीसदी है. शुरुआती तीन महीने में ही इतनी बड़ी मात्रा में बालू-पत्थर पकड़ा जाना अवैध खनन के पैमाने को दिखाता है.

बालू में वाहन और प्राथमिकी भी ज्यादा

पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 में बालू से जुड़े मामलों में 3506 निरीक्षण, 3347 वाहन जब्त और 834 प्राथमिकी दर्ज हुईं. बालू से 517.03 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया. पत्थर के मामलों में 2576 निरीक्षण, 1300 वाहन जब्ती और 248 प्राथमिकी दर्ज हुईं. पत्थर से जुर्माने की राशि 734.19 लाख रुपये रही.

अप्रैल-जून 2026 के तीन महीनों में बालू-पत्थर को मिलाकर 960 वाहन जब्त किये गये और 173 प्राथमिकी दर्ज हुईं. इस अवधि में कुल 4.29 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया.

गुमला और जमशेदपुर में अवैध बालू ज्यादा पकड़ा गया

2025-26 की रिपोर्ट में बालू की सबसे बड़ी मात्रा गुमला में 24115 टन, खूंटी में 20465 टन, जमशेदपुर में 14637.60 टन और रांची में 6910 टन दर्ज है.अप्रैल-जून 2026 में तस्वीर कुछ बदली हुई दिखती है. इस अवधि में जमशेदपुर में 9200.44 टन बालू, चाईबासा में 4206 टन और पलामू में 1566.26 टन बालू की मात्रा दर्ज हुई.इस तरह चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती तीन महीनों में जमशेदपुर बालू की जब्ती के मामले में प्रमुख जिला बनकर सामने आया है, जबकि पूरे 2025-26 में गुमला सबसे ऊपर था.

ये भी पढ़ें: झारखंड से कोयला ढुलाई पर संकट: जेम पोर्टल पर भुगतान रुका, चालान नहीं कटने से पावर प्लांटों को थम सकती है सप्लाई

पत्थर में लातेहार का आंकड़ा सबसे बड़ा

2025-26 के आंकड़ों में पत्थर की मात्रा लातेहार में 30,171.83 टन दर्ज हुई, जो राज्य की कुल पत्थर जब्ती का बड़ा हिस्सा है. पलामू में 4037.69 टन पत्थर पकड़ा गया.अप्रैल-जून 2026 में पत्थर की कुल जब्ती 8992.26 टन रही. यानी तीन महीने में पिछले पूरे साल की पत्थर जब्ती का करीब 11 फीसदी हिस्सा पकड़ा गया.

तीन माह में ही 1061 वाहन जब्त

अप्रैल-जून 2026 में बालू-पत्थर समेत कुल 1061 वाहन जब्त किये गये. इसे पिछले पूरे साल के 4627 बालू-पत्थर वाहनों की जब्ती से तुलना करें, तो तीन माह में करीब 21 फीसदी वाहनों की जब्ती हो चुकी है. 2025-26 में बालू के 3347 और पत्थर के 1300, कुल 4647 वाहन जब्त किये गये थे.

अवैध बालू अब भी समस्या आंकड़े बताते हैं कि बालू अवैध खनन की सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है. पिछले पूरे साल बालू की जब्ती पत्थर से करीब 50 हजार टन अधिक रही. अप्रैल-जून 2026 में भी बालू की मात्रा पत्थर से करीब दोगुनी रही. खास बात यह है कि चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती तीन महीनों में ही पिछले पूरे साल की बालू जब्ती का करीब 13 फीसदी और पत्थर का करीब 11 फीसदी हिस्सा पकड़ा जा चुका है.जबकि राज्य मेिं 10 जून से 15 अक्तूबर तक बालू खनन पर रोक है. इसके बावजूद बड़े पैमाने पर अवैध बालू पकड़े जा रहे हैं.

नये रूल में 50 हजार से पांच लाख तक फाइन खान विभाग ने अप्रैल 2026 में झारखंड मिनरल(प्रवेंशन ऑफ इलीगल माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एंड स्टोरेज) अमेंडमेंट रूल्स 2026 लागू किया है. इसमें अवैध खनिज ढुलाई करते हुए वाहनों पर 50 हजार से लेकर पांच लाख रुपये प्रति वाहन के फाइन के प्रावधान किये गये हैं. एक डंफर बालू पकड़े जाने पर तीन लाख रुपये तक का फाइन किया गया है.

एक साल बनाम अप्रैल-जून 2026

खनिज अप्रैल 2025-मार्च 2026 अप्रैल-जून 2026 तीन माह में पिछले साल का हिस्सा बालू 132551.43 टन 17296.28 टन 13.05%

पत्थर 82320.67 टन 8992.26 टन 10.92% कुल 214872.10 टन 26288.54 टन 12.23%

ये भी पढ़ें: बैंक यूनियनों का ऐलान, सितंबर में दो बार देशव्यापी हड़ताल; आज से आंदोलन का आगाज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil choudhary

25 वर्षों से पत्रकारिता कर रहा हूँ.हार्ड न्यूज़ से राजनीतिक खबर करता रहा हूँ.वर्तमान में मुख्यमंत्री, पावर,इंडस्ट्रीज, माइंस संबंधित मामलों पर रिपोर्ट करता हूँ. बीबीसी,पैनोस और झारखंड सरकार से फेलोशिप ले चुका हूँ।कई बार अवार्ड ले चुका हूँ.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >