Ranchi news : जल जीवन मिशन की 2184 करोड़ की चार योजनाओं का काम अब भी अधूरा

केंद्रीय टीम ने निरीक्षण के दौरान योजनाओं की धीमी प्रगति पर जतायी थी नाराजगी. टीम ने रांची, पलामू, साहिबगंज व पाकुड़ जाकर योजनाओं की जमीनी हकीकत के बारे में जाना.

सतीश कुमार, रांची

. झारखंड में जल जीवन मिशन के तहत चल रही हर घर नल जल योजना का हाल खराब है. 2184 करोड़ की चार बड़ी योजनाओं का काम वर्ष 2025 में पूरा होना है, लेकिन इनमें से तीन योजनाओं का काम अभी तक आधा भी नहीं हुआ है. सिर्फ एक योजना में 72 प्रतिशत काम हुआ है. इन चारों योजनाओं पर अब तक लगभग 470 करोड़ रुपये भी खर्च हो चुके हैं. केंद्र सरकार की ओर से किये गये सत्यापन में यह मामला सामने आया है. केंद्रीय टीम ने हाल ही में रांची, पलामू, साहिबगंज व पाकुड़ का दौरा कर इन योजनाओं की जमीनी हकीकत के बारे में जाना. साथ ही योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी भी जतायी.

टीम ने काम में तेजी लाने का दिया निर्देश

टीम ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है. टीम ने रांची में रूक्का-हटिया डैम रिंग रोड विलेज स्कीम, पाकुड़ में साहिबगंज-पाकुड़-दुमका मल्टी विलेज स्कीम, साहिबगंज में साहिगगंज-गोड्डा-दुमका मल्टी विलेज स्कीम और पलामू में चल रही छत्तरपुर-नौडीहा बाजार-हरिहरगंज पिपरा मल्टी विलेज स्कीम की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली. इन चारों योजनाओं को 2022-23 में स्वीकृति मिली थी और इन्हें वर्ष 2025 में ही अलग-अलग माह में पूरा करना था.

रूक्का-हटिया डैम रिंग रोड मल्टी विलेज स्कीम : 30% ही हुआ काम

रांची में रूक्का-हटिया डैम रिंग रोड मल्टी विलेज स्कीम का काम सितंबर 2025 में ही पूरा होना है, लेकिन अब तक सिर्फ 30 प्रतिशत ही काम हो पाया है. इस योजना की कुल लागत 565.34 करोड़ रुपये है. इसके तहत 75 गांवों के 66,353 घरों में नल से जल पहुंचाना है. इस योजना पर अब तक 97.73 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं.

छत्तरपुर-पिपरा मल्टी विलेज स्कीम : 25% ही हुआ काम

पलामू में चल रही छत्तरपुर-नौडीहाबाजार-हरिहरगंज पिपरा मल्टी विलेज स्कीम का काम 20 अप्रैल को ही पूरा होना था. लेकिन, अब तक इस योजना में सिर्फ 25 प्रतिशत ही काम पूरा हो पाया है. इस योजना की कुल लागत 444.59 करोड़ है. अब तक इस पर 50.55 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं. इस योजना से 301 गांवों के 48,030 घरों तक नल से जल पहुंचाना है.

साहिबगंज-गोड्डा-दुमका मल्टी विलेज स्कीम : 23% हुआ काम

साहिबगंज में चल रही साहिबगंज-गोड्डा मल्टी विलेज स्कीम का काम 31 मई को ही पूरा होना था. लेकिन, अब तक इस योजना में सिर्फ 23 प्रतिशत ही काम हो पाया है. यह योजना 823.04 करोड़ की है. इस पर अब तक 172 करोड़ रुपये खर्च भी हो चुके हैं. इस योजना के पूरा होने से 2273 गांवों के 3,31,748 घरों तक नल से जल पहुंचेगा.

साहिबगंज-पाकुड़- दुमका मल्टी विलेज स्कीम : 72% हुआ काम

पाकुड़ में चल रही साहिबगंज-पाकुड़-दुमका मल्टी विलेज स्कीम का 72 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. यह योजना 13 जुलाई को पूरा होनी है. यह योजना 353.17 करोड़ रुपये की है. इस पर अब तक करीब 149 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं. इस योजना के तहत 1001 गांवों के 2,09,369 घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJIV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >