Ranchi Crime News: गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर निवासी और सीएमपीडीआइ के सेवानिवृत्त जीएम आलोक कुमार (65) पर गुरुवार की देर रात तीन नकाबपोश अपराधियों ने हमला कर दिया. घटना रात करीब 1.30 बजे की है. इस दौरान अपराधियों ने आलोक कुमार पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया और पंखे से लटकाकर जान से मारने की धमकी दी. हालांकि आलोक कुमार की बहादुरी के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गये.
घायल होने के बावजूद नहीं हारी हिम्मत
आलोक कुमार ने पुलिस को दिये फर्द बयान में बताया कि वह रात में अपने कमरे में सो रहे थे. तभी घर के अंदर से कुछ टूटने-फूटने की आवाज आयी. जब तक वह कुछ समझ पाते, चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहने तीन अपराधी उनके कमरे में घुस आये. अपराधियों ने उन्हें जगाते हुए कहा, "तुम्हें लोगों से पंगा लेने का बहुत शौक है, आज तुम्हें पंखे से लटका देंगे." इसके बाद दो अपराधियों ने उनका दाहिना हाथ और एक ने बायां हाथ पकड़ लिया. इसी दौरान एक अपराधी ने चाकू निकालकर उनकी दाहिनी कलाई पर हमला कर दिया, जिससे काफी खून बहने लगा. घायल होने के बावजूद आलोक कुमार ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने अपराधियों को जोरदार धक्का दिया, जिससे वे पलंग से नीचे गिर पड़े. इसके बाद उन्होंने बिस्तर के नीचे रखी अपनी तलवार और चापड़ निकाल लिये और अपराधियों की ओर बढ़े. आलोक कुमार का यह तेवर देखकर तीनों अपराधी घबरा गये और सीढ़ी के रास्ते छत पर चढ़कर फरार हो गये.
ये भी पढ़ें- जेपीएससी परीक्षा घोटाला : अभय तिवारी चार महीने पहले साथी की ही किडनैपिंग के मामले में जा चुका है जेल
परिचितों को फोन कर दी घटना की जानकारी
घटना के बाद आलोक कुमार ने अपने परिचित अभिषेक सिंह को फोन कर पूरी जानकारी दी. सूचना मिलते ही अभिषेक सिंह और रंधीर सिंह मौके पर पहुंचे तथा घायल आलोक कुमार को इलाज के लिए रिम्स ले गये. गोंदा थाना पुलिस ने पीड़ित के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- JPSC Exam Controversy: सीआईडी ने टीडीपीएल के तीन कर्मचारी को किया गिरफ्तार, रांची के दो होटलों में छापेमारी
ये भी पढ़ें-रांची में पुलिस मुठभेड़: जमीन कारोबारी भार्गव सिंह का हत्यारा सत्यम पाठक ढेर होते-होते बचा
