विश्वास ही गिरजाघर व कलीसिया की आधारशिला : महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद
मांडर पल्ली के कैम्बो गांव में नवनिर्मित गिरजाघर का आशीष व उदघाटन महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने किया.
प्रतिनिधि, मांडर.
मांडर पल्ली के कैम्बो गांव में गुरुवार को नवनिर्मित गिरजाघर का आशीष व उदघाटन रांची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने किया. महाधर्माध्यक्ष की अगुवाई में समारोही मिस्सा बलिदान किया गया. महाधर्माध्यक्ष ने कहा कि गिरजाघर हमारे विश्वास व कलीसिया का आधार है. हमें अपने विश्वास को मजबूत बनाये रखना है और अपने अच्छे उदाहरण से दूसरों के सम्मुख प्रभु का साक्ष्य प्रस्तुत करना है. उन्होंने ग्रामवासियों को नये गिरजाघर के निर्माण के लिए आशीर्वाद व बधाई दी. कहा कि कैम्बो गांव के काथलिक विश्वासियों के विश्वास की यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ गया है. यहां काथलिक विश्वासियों के सामूहिक प्रयास, प्रार्थना व परिश्रम के फलस्वरूप ही नये गिरजाघर का निर्माण व उदघाटन संभव हो पाया है. उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने व एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति रखने की भी बात कही. महाधर्माध्यक्ष का कैम्बो गांव के विश्वासियों ने ढोल व नगाड़े बजाकर स्वागत किया. मिस्सा बलिदान के पूर्व महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने गिरजाघर के मुख्य द्वार पर स्थापित शिलापट्ट का अनावरण किया व फीता काट कर उदघाटन किया. उन्होंने गिरजाघर के दीवारों पर पवित्र तेल व जल की आशीष व छिड़काव कर क्रूस का चिह्न अंकित कर आशीष किया. इस उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में गिरिजाघर के निर्माण कार्य में योगदान देने वाले सभी लोगों काे सम्मानित किया गया. मौके पर पूर्व विधायक बंधु तिर्की, फादर अलेक्स एक्का, फादर बिपिन कंडुलना, फादर जोन शैलेंद्र टोप्पो, फादर सुधीर केरकेट्टा, शिल्पकार फादर धर्मशील कुजूर सहित अन्य धर्म बंधु, धर्म बहनें व मांडर पल्ली तथा कैम्बो गांव के ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित थे.
कैम्बो गांव में नये गिरजाघर का उदघाटन
मांडर 2, गिरिजाघर का उदघाटन करते महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंदB