अंत की ओर लाल आतंक : खाना और दवा के लिए तरसे, तो 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

भाकपा (माओवादी) के 16 नक्सलियों ने पुलिस के नवजीवन-2 अभियान के तहत आत्मसमर्पण कर दिया है. जंगल के जीवन से परेशान, भूखे-प्यासे और बीमार इन नक्सलियों की कहानियां मार्मिक हैं. वहीं, पुलिस इसे नक्सलवाद के खात्मे की बड़ी उपलब्धि बता रही है.

पंकज त्रिपाठी, रांची

Naxalite Surrender in Jharkhand: भाकपा (माओवादी) के 16 नक्सलियों (11 पुरुष और 5 महिलाओं) ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस के नवजीवन-2 अभियान के तहत आत्मसमर्पण कर दिया. इसमें संतोष उर्फ बासुदेव दा उर्फ गांधी उर्फ दिलीप उर्फ संजय महतो उर्फ बासुकू उर्फ श्याम भी शामिल है, जिसका एक समय गिरिडीह-चाईबासा में आतंक था. इस पर सरकार ने 15 लाख रुपये का इनाम रखा था. ये अब लाचार और बिल्कुल दुबला-पतला है. इसकी याददाश्त भी ठीक नहीं रहती. कहता है-1985-88 में दस्ता में शामिल हुआ. अब शुगर बहुत हाई रहता है. बीमार हूं. जंगल के जीवन से परेशान हो गया था. कुछ दिन पहले काफी तबीयत बिगड़ गयी, तो दवा तक नहीं मिली. घरवाले पुलिस के संपर्क में थे, उन्होंने कहा- आत्मसमर्पण कर दो. इसके बाद बहुत सोचा और सरेंडर कर दिया.

सालमी मुंडा ने बताई आपबीती

बुंडू में आतंक का पर्याय रही सालमी मुंडा अपना नाम पारूल बताती है. कहती है- बहक गये थे, गलत किये, दस्ता में चले गये थे. वहां बहुत दिक्कत है. तरह-तरह के कष्ट हैं. वह गलत काम था. कई दिनों तक खाना और पानी भी नहीं मिलता. गांव वाले भी अब इज्जत नहीं देते. पुलिस ने संपर्क किया, तो सरेंडर कर दिये. ऐसी ही कहानी लगभग सभी नक्सलियों की है. नक्सलियों के समर्पण के मौके पर डीजीपी तदाशा मिश्रा, आइजी ऑपरेशन नरेंद्र सिंह, सीआरपीएफ आइजी साकेत सिंह और अनूप बिरथरे समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

डीजीपी तदाशा मिश्र ने कहा कि यह बड़ी उपलब्धि है. राज्य में नक्सलवाद अब समाप्ति के कगार पर है. आत्मसमर्पण करनेवालों को नीति के तहत सभी सुविधाएं दी जायेंगी.

लैंड माइंस में एक नक्सली की उड़ी टांग, तो सरेंडर को हुए विवश

सारंडा में नक्सलियों के जमावड़े के बाद पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से दोहरा सुरक्षा घेरा बनाकर घेर लिया. 24 पुलिस कैंप लगाये. ये छोटे-छोटे थे. खर्च भी कम था. कैंप में 24 घंटे जवान रहते थे. लिहाजा ग्रामीणों और नक्सलियों के बीच संपर्क टूट गया. उन्हें खाना और दवाइयों का टोटा हो गया. ड्रोन से निगरानी के कारण अब वे दस्ते में चलने के बजाय कम संख्या में चलने लगे. रोज उन्हें ठिकाना बदलना पड़ा. इसी बीच अलग-अलग मुठभेड़ में 17 नक्सली मारे गये. इनमें वे सभी शामिल थे, जिन्हें आइइडी लगे स्थान की जानकारी थी. इनकी मौत के बाद नक्सलियों के लिए भी मूवमेंट मुश्किल हो गया. मूवमेंट के दौरान एक महिला नक्सली ने आईईडी पर पैर रखे और उसकी टांग उड़ गयी. इसके बाद नक्सलियों ने सारंडा छोड़ दिया. दूसरी जगहों पर भागने लगे. इन तमाम कारणों से नक्सलियों का जीना अब दूभर हो गया था. इसका लाभ सुरक्षा बलों को मिला और अंतत: बड़ी संख्या में नक्सलियों ने सरेंडर किया.

ये भी पढ़ें...

श्रावणी मेले में सुरक्षित कांवर यात्रा के लिए नगर निगम ने शुरू किया सांड पकड़ने का अभियान

श्रावणी मेला 2026: 80 से 90 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, प्रशासन ने तय की खाद्य सामग्री की दरें



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amleshnandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >