तमाड़: तमाड़-सारजमडीह मार्ग पर गुरुवार रात तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने का मामला सामने आया. कार संख्या जेएच 01 सीडी 9988 के चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल समेत कई वाहनों को टक्कर मारने का आरोप है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार का पीछा कर रायडीह मोड़ के समीप उसे रोक लिया और चालक को पकड़ लिया.
बताया जाता है कि तमाड़ से सारजमडीह जाने के दौरान कार चालक ने रास्ते में कई जगह वाहनों को टक्कर मारी. इसके बावजूद वह कार रोकने के बजाय आगे बढ़ता रहा. लगातार टक्कर की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार का पीछा शुरू किया. रायडीह मोड़ के समीप कार को रोककर चालक को पकड़ा गया. इसके बाद कार और चालक को तमाड़ पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पुलिस ने कार को जब्त कर चालक समेत दो युवकों को थाने ले गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक नशे की हालत में थे. हालांकि, नशे में होने की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
