रांची. डीपीएस में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इनवेस्टीचर सेरेमनी का आयोजन किया गया. समारोह में नवनियुक्त छात्र परिषद के सदस्यों को उनके पद और जिम्मेदारियां सौंपी गयीं. इस बार पहली बार 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को डिप्टी पदाधिकारियों और वाइस हाउस कैप्टन की जिम्मेदारी दी गयी.
प्राचार्या ने छात्र नेताओं को दिलायी जिम्मेदारी की सीख
समारोह में प्राचार्या डॉ जया चौहान ने छात्र नेताओं को नेतृत्व को सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में लेने की सीख दी. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया.
अतिथियों ने ईमानदारी और अनुशासन से नेतृत्व का दिया संदेश
कार्यक्रम में कर्नल सुदीप सिन्हा, एओ, तीन झारखंड बटालियन एनसीसी, सीआरपीएफ कमांडेंट रवि शंकर मिश्रा और आइजी (स्पेशल ब्रांच) प्रभात कुमार उपस्थित रहे. अतिथियों ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, साहस और करुणा के साथ नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया.
समारोह में ओम कुमार को डिप्टी हेड बॉय और अंतरा बनर्जी को डिप्टी हेड गर्ल बनाया गया. छात्र परिषद के अन्य नवनियुक्त सदस्यों को भी उनके पद और जिम्मेदारियां सौंपी गयीं.
