रांची. कोतवाली थाना के पीछे जिला स्कूल परिसर में जर्जर जलमीनार तोड़ने के दौरान दो मजदूरों की मौत के मामले में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने मां कृपा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर को शोकॉज किया है. बूटी प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने एजेंसी से सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जवाब मांगा है.
22 अगस्त को सुरक्षा मानकों के पालन का दिया था निर्देश
विभाग ने 22 अगस्त को ही एजेंसी को पत्र भेजकर सुरक्षा मानकों का पालन करने, कोतवाली थाना और स्कूल प्रशासन से समन्वय करने तथा 150 फीट के दायरे में चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद हादसा कैसे हुआ, इसे लेकर विभाग ने एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगा है.
मलबे में दबकर हुई थी दो मजदूरों की मौत
नौ सितंबर की शाम हुए हादसे में मलबे में दबकर पलामू जिले के पड़वा मोड़ निवासी सत्या भुइयां (25) और मैथली शरण महतो (42) की मौके पर ही मौत हो गयी थी.
जिला स्कूल परिसर में नया वॉटर टावर बनाने के लिए एजेंसी को पुराने ईएसआर, यूजीआर और पंप हाउस को ध्वस्त करने का कार्यादेश मिला था. इसी क्रम में जर्जर जलमीनार को तोड़ने के दौरान हादसा हुआ था.
