रांची से मनोज सिंह की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोल्डफील्ड लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने कर्मचारियों के बच्चों के लिए स्कॉलरशिप योजना शुरू की है. कंपनी की ओर से विभिन्न कक्षाओं और कोर्स में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को 270 रुपये से लेकर 3100 रुपये से अधिक तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. सीसीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों से कहा है कि वे अपने बच्चों के लिए विभागीय प्रमुख के माध्यम से आवेदन जमा करें. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है. आवेदन पत्र के साथ विद्यार्थियों को संबंधित परीक्षा की मार्कशीट और बैंक खाते की जानकारी भी देनी होगी.
अलग-अलग कक्षाओं के लिए अलग छात्रवृत्ति
सीसीएल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पांचवीं से आठवीं कक्षा तक के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें 270 रुपये प्रतिमाह स्कॉलरशिप दी जाएगी. वहीं, नौवीं और दसवीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 340 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे. 11वीं और 12वीं कक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को 450 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी. कंपनी का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य कर्मचारियों के बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना है.
तकनीकी और उच्च शिक्षा के छात्रों को लाभ
सामान्य स्नातक या उसके समकक्ष परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 1130 रुपये प्रतिमाह स्कॉलरशिप दी जाएगी. इसके अलावा, 10वीं के बाद आईटीआई जैसे तकनीकी कोर्स में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 550 रुपये प्रतिमाह मिलेगा. वहीं डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहे छात्रों को 680 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति देने का प्रावधान किया गया है. इंटरमीडिएट के बाद इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य प्रोफेशनल डिग्री कोर्स की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को पिछली परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक होने पर 1800 रुपये प्रतिमाह की सहायता राशि दी जाएगी.
टॉप 20 विद्यार्थियों को मेरिट स्कॉलरशिप
सीसीएल ने मेधावी विद्यार्थियों के लिए अलग से मेरिट स्कॉलरशिप की भी व्यवस्था की है. 11वीं और 12वीं की परीक्षा में अपने वर्ग में टॉप 20 रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 1350 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे. इसके अलावा जिन छात्रों ने परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें भी 1350 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति मिलेगी. सामान्य स्नातक स्तर की परीक्षा में टॉप 20 में शामिल विद्यार्थियों को 1580 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा. वहीं तकनीकी स्नातक परीक्षा में टॉप 20 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3160 रुपये प्रतिमाह तक की स्कॉलरशिप मिलेगी.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
सीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र के साथ संबंधित परीक्षा की मार्कशीट, बैंक खाते की जानकारी और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा. आवेदन विभागीय प्रमुख के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले सभी दस्तावेज पूरे कर आवेदन जमा कर दें ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो.
इसे भी पढ़ें: झाड़-फूंक के बहाने विवाहिता को भगाना यूपी के मौलाना को पड़ा भारी, गढ़वा के ग्रामीणों ने घेरा
शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
सीसीएल की यह पहल कर्मचारियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. कंपनी का मानना है कि आर्थिक सहयोग मिलने से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा और वे आगे की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे. इस योजना को लेकर कर्मचारियों और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है. कई कर्मचारियों ने इसे बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी कदम बताया है.
इसे भी पढ़ें: जैक इंटर आर्ट्स में थर्ड पोजिशन लाने वाली मजदूर की बेटी अंशु को मिला सम्मान
