आनंद राम महतो की रिपोर्ट
बुंडू (रांची): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुंडू सहित पूरे पंच परगना क्षेत्र में खेलकूद प्रतियोगिता और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराया गया. विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर झंडोत्तोलन किया गया. इस दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला. बुंडू में सर्वप्रथम अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
वहीं, धुर्वा मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थल पर विधायक विकास कुमार मुंडा ने तिरंगा लहराया. अपने संबोधन में उन्होंने क्षेत्र में शांति, सद्भावना और विकास के लिए स्वतंत्र एवं ईमानदारी के साथ राज्य और देश के विकास में सहयोग करने की अपील की. इसके अलावा प्रखंड-अंचल कार्यालय में प्रमुख रामकुमार बिनझिया, नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष जितेंद्र उरांव, थाना परिसर में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया. अमानत अली इंटर कॉलेज बुंडू में प्राचार्य अली अल अरफात, साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल में प्राचार्य सुभाष कुमार पाटनी, बिरसा चिल्ड्रेन एकेडमी में प्रबंध निदेशक भुवनेश्वर प्रमाणिक, सिंबोसिस पब्लिक स्कूल में प्राचार्य तराना बेगम, एमबी पब्लिक स्कूल में प्राचार्य अबू अब्बास अली, गुरुकुल विद्यालय में अध्यक्ष अनूप कुमार चेल तथा पंच परगना किसान कॉलेज में प्राचार्य डॉ विनीता कुमारी ने झंडोत्तोलन किया.
ये भी पढ़ें- पतरातू में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, जगह-जगह शान से लहराया गया तिरंगा
इसके अलावा बार एसोसिएशन बुंडू में महासचिव शिव शंकर महतो, लैंपस लिमिटेड बुंडू कार्यालय में अध्यक्ष सीताराम उरांव, शहीद निर्मल महतो चौक ताऊ में झारखंड आंदोलनकारी देवनाथ कुशवाहा तथा सुमानडीह निर्मल चौक में योगेश्वर महतो ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. एनसीसी इकाई जैक सदस्य डॉ राधारमन साहू समेत सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया.
एनसीसी और पुलिस जवानों ने किया आकर्षक परेड
अनुमंडल कार्यालय की ओर से अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय के मैदान में एनसीसी और पुलिस के जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की. अनुमंडल पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी ने परेड का निरीक्षण किया. इसके बाद मैदान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में भूमि सुधार उपसमाहर्ता छवि बाला बारला, अंचल अधिकारी हंस हेमराम, डॉ राधारमन साहू, अली अल अरफात, नगर प्रशासक शुभम पोद्दार समेत अन्य लोग मौजूद थे. पूरे बुंडू और पंच परगना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल रहा. विभिन्न स्थानों पर आयोजित खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और आकर्षक बना दिया.
