Ranchi: रामनवमी के बीच बोर्ड परीक्षा, पुलिस प्रशासन अलर्ट; छात्रों की सुविधा प्राथमिकता

Ranchi: रांची के विभिन्न केंद्रों पर शुक्रवार को सीबीएसई और आईसीएससी बोर्ड की परीक्षाएं होंगी. इसी दिन रामनवमी को लेकर अभिभावक चिंतित हैं. हालांकि पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि छात्रों को परीक्षा देने जाने में कोई परेशानी नहीं होगी. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

Ranchi: रांची में शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर एक ओर भव्य शोभायात्राएं निकाली जायेंगी, दूसरी ओर सीबीएसई और आईएससी के हजारों विद्यार्थी 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं देंगे. इस विशेष परिस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, स्कूल प्रबंधन और पूजा समितियों ने समन्वय बनाते हुए छात्रों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है. सीबीएसई के विद्यार्थियों की बॉयोलॉजी की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी, जबकि आईएससी के छात्रों की कंप्यूटर साइंस की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी.

पूजा समितियों से की गई अपील

सेंट जेवियर स्कूल, डोरंडा के प्राचार्य सह जोनल को-ऑर्डिनेटर फादर फूलदेव सोरेंग एसजे और सीबीएसइ सिटी को-ऑर्डिनेटर डॉ जया चौहान ने पूजा समितियों से अपील की है कि वे छात्रों और अभिभावकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखें. उन्होंने आग्रह किया कि परीक्षा के समय मार्गों को यथासंभव बाधारहित रखा जाये. भीड़-भाड़ वाले इलाकों में छात्रों को प्राथमिकता दी जाये और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाये. साथ ही ध्वनि और यातायात प्रबंधन में सहयोग कर यह सुनिश्चित किया जाये कि विद्यार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें.

इधर, श्री महावीर मंडल केंद्रीय समिति, रांची के अध्यक्ष सागर वर्मा ने भी आश्वासन दिया कि जुलूस के दौरान विद्यार्थियों का विशेष ख्याल रखा जायेगा. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा बोर्डों को भविष्य में त्योहारों के दिन परीक्षा तिथि निर्धारित करने से बचना चाहिए.

प्रशासन ने अभिभावकों से की अपील

जिला प्रशासन ने भी परीक्षार्थियों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया है कि किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की है, जिसमें रूट डायवर्जन, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और दंडाधिकारियों की नियुक्ति शामिल है. प्रशासन ने अपील की है कि विद्यार्थी समय से पहले घर से निकलें और निर्धारित मार्गों का पालन करें. साथ ही अभिभावकों को भी सलाह दी गई है कि संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पहले से योजना बनाकर बच्चों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचायें, ताकि वे बिना किसी बाधा के परीक्षा में शामिल हो सकें.

ये भी पढ़ें…

Chaibasa: रामनवमी से पहले नोवामुंडी में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, शांति भंग करने वालों को सख्त चेतावनी

Ramgarh: महाअष्टमी जुलूस में जय श्री राम के नारों से गूंजा पतरातू, निकाला गया विशाल जुलूस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >