नवीन शर्मा की रिपोर्ट
Chief Minister Residence Gherao: रांची: झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच सियासी पारा भी चढ़ गया है. छात्रों के मुद्दे को लेकर भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचे और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी. अतिरिक्त संख्या में सुरक्षा बलों को मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा नेता और कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए. इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक और झड़प भी हुई.
पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भाजपा के प्रदर्शनकारी विधायक, नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू किया. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर राजधानी रांची के खेलगांव ले जाया गया, जहां उन्हें रखा गया है. भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की.
बाबूलाल मरांडी बोले- मुख्यमंत्री तत्काल इस्तीफा दें
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार छात्रों के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की. वहीं, भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भी राज्य सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को लगातार दरकिनार कर रही है और छात्र आंदोलन को लेकर सरकार की कार्यशैली पूरी तरह विफल रही है.
ये भी पढ़ें- JPSC Student Protest: छात्रों और सरकार की बैठक में जांच एजेंसी को लेकर गतिरोध, CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र
छात्र आंदोलन के बीच राजधानी में सुरक्षा कड़ी
गौरतलब है कि झारखंड में छात्र आंदोलन भी लगातार तेज हो रहा है. आज विधानसभा घेराव का कार्यक्रम है. इसे देखते हुए रांची में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसी बीच भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. रांची एसपी खुद मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया
खेलगांव में पुलिस ने सभी भाजपा विधायक और नेताओं को डिटेन किया. इसके बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई. भाजपा नेता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे थे. पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकते हुए हिरासत में लिया. मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही.
ये भी पढ़ें-JPSC-JSSC गड़बड़ी के खिलाफ विद्यार्थियों का विधानसभा मार्च, तिरंगा लेकर निकले छात्र
